हल्द्वानी ‘शुद्धिकरण’ विवाद: 7 सितंबर को देहरादून में कांग्रेस का महाप्रदर्शन, राहुल-प्रियंका आ सकते हैं उत्तराखंड

September 7, Rahul and Priyanka may visit Uttarakhand: हल्द्वानी में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की रैली के बाद शुरू हुए विवाद ने अब सियासी आंदोलन का रूप ले लिया है। कांग्रेस ने इस मुद्दे को लेकर सरकार पर दबाव बढ़ाने की तैयारी शुरू कर दी है।
जिसके चलते कांग्रेस पार्टी आगामी 7 सितंबर 2026 को प्रदेश की राजधानी देहरादून में मुख्यमंत्री आवास कूच करने जा रही है। इस बड़े सियासी प्रदर्शन में लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी के भी शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।

इस विवाद की मुख्य वजह 8 अगस्त 2026 को आयोजित उत्तराखंड के हल्द्वानी स्थित रामलीला मैदान में कांग्रेस पार्टी की एक बड़ी जनसभा है, जिसमें कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने संबोधित किया था। वहीं रैली के दो दिन बाद, यानी 10 अगस्त 2026 को, कुछ हिंदू संगठनों (आरोप के मुताबिक श्री राम सेना) से जुड़े लोगों ने उस मंच और मैदान पर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच गंगाजल छिड़का और वहां एक ‘हवन’ (यज्ञ) अनुष्ठान किया। इस घटना की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए।
जिसके बाद कांग्रेस ने इस घटना को अत्यंत गंभीर माना है और इसे सीधे तौर पर “जातिगत भेदभाव और छुआछूत” का कृत्य करार दिया है। मल्लिकार्जुन खड़गे अनुसूचित जाति (दलित) समुदाय से आते हैं।

कांग्रेस का आरोप है कि खड़गे की मौजूदगी के कारण ही इस मैदान का “शुद्धिकरण” किया गया, जो सामंती और जातिवादी मानसिकता को दर्शाता है। खुद मल्लिकार्जुन खड़गे ने इस मुद्दे को राज्यसभा में उठाया और इसे छुआछूत का कृत्य बताते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भी इसकी तीखी आलोचना करते हुए इसे संविधान और इंसानी मूल्यों के खिलाफ बताया है।

वहीं कांग्रेस का आरोप है कि शुद्धिकरण की इस घटना को अंजाम देने वाले लोगों के खिलाफ पुलिस ने अभी तक कोई FIR दर्ज नहीं की है। इसके अलावा, कांग्रेस पार्टी राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज मामलों को भी रद्द करने की मांग कर रही है।

वही कांग्रेस पार्टी अब शुद्धिकरण प्रकरण के विरोध में 7 सितंबर को मुख्यमंत्री आवास कूच करेगी। इसके लिए प्रदेश कांंग्रेस नेता कूच को सफल बनाने के लिए तैयारी में जुट गए हैं। पार्टी सूत्रों के मुताबिक रैली में राहुल गांधी व अन्य राष्ट्रीय नेता भी शामिल हो सकते हैं। हालांकि अभी तक कांग्रेस ने इसका औपचारिक ऐलान नहीं किया है।

वहीं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने बताया कि सात सितंबर को प्रदेश भर के कार्यकर्ता सीएम आवास कूच करेंगे। शुद्धिकरण के मामले में कांग्रेस अंतिम समय में लड़ाई लड़ती रहेगी। उन्होंने कहा, रैली में राहुल गांधी के आने का अभी कोई कार्यक्रम तय नहीं है।

Srishti
Srishti