लोक संस्कृति को मिलेगा सम्मान: 17 सितंबर को उत्तराखंड के 17 लोक कलाकार होंगे सम्मानित…

17 folk artists from Uttarakhand will be honored on September 17: उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति और पारंपरिक वाद्ययंत्रों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 17 सितंबर को देहरादून में विशेष सांस्कृतिक समारोह आयोजित किया जाएगा। डांडी-कांठी क्लब की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में प्रदेश के 17 लोक कलाकारों को ‘राज्य वाद्ययंत्र सम्मान-2026’ से सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम संस्कृति विभाग के प्रेक्षागृह में शाम पांच बजे से आयोजित होगा।

समारोह में उत्तराखंड की पारंपरिक लोक विधाओं और लोक वाद्ययंत्रों से जुड़ी प्रस्तुतियां भी होंगी। जागर, पवाड़े, लोकगीत और लोकनृत्य के साथ ढोल-दमाऊं समेत पारंपरिक वाद्ययंत्रों की प्रस्तुतियां कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण रहेंगी। आयोजन का उद्देश्य उन कलाकारों को सम्मान देना है, जो वर्षों से पहाड़ की लोक परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने में योगदान दे रहे हैं।

कार्यक्रम के दौरान लोक संस्कृति के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले पांच वरिष्ठ अधिकारियों को ‘डांडी-कांठी रत्न-2026’ से भी सम्मानित किया जाएगा। आयोजन में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से लोक कलाकार, जागरी, ढोल वादक, साहित्यकार और संस्कृति प्रेमी शामिल होंगे। आयोजकों का कहना है कि बदलते दौर में पारंपरिक लोक विधाओं को संरक्षित करना जरूरी है, ताकि नई पीढ़ी भी अपनी सांस्कृतिक जड़ों और लोक परंपराओं से जुड़ी रह सके।

डांडी-कांठी क्लब के अध्यक्ष विजय भूषण उनियाल के अनुसार, क्लब लगातार उत्तराखंड की लोक संस्कृति और पारंपरिक कलाओं के संरक्षण के लिए काम कर रहा है। सम्मान समारोह के माध्यम से न केवल कलाकारों का उत्साह बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है, बल्कि युवा पीढ़ी को भी राज्य की सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का संदेश दिया जाएगा।

Srishti
Srishti