देहरादून पुलिस में बड़ा फेरबदल, 18 इंस्पेक्टर और दरोगाओं के तबादले; जानिए किसे कहां मिली जिम्मेदारी…

18 inspectors and sub-inspectors transferred: देहरादून पुलिस विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। जिले में 18 इंस्पेक्टर और सब-इंस्पेक्टर स्तर के अधिकारियों के तबादले किए गए हैं। आगामी उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों और विभिन्न थानों में रिक्त पदों को देखते हुए यह बदलाव किया गया है। जारी आदेश के अनुसार सभी अधिकारियों के स्थानांतरण तत्काल प्रभाव से लागू कर दिए गए हैं। इस फेरबदल का उद्देश्य जिले में पुलिस व्यवस्था को मजबूत करना और कानून व्यवस्था को बेहतर बनाए रखना है।

तबादला सूची के अनुसार पुलिस लाइन में तैनात सात इंस्पेक्टरों को अलग-अलग थानों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इंस्पेक्टर कमल मोहन भंडारी को कोतवाली नगर, कुंदन सिंह राणा को पटेलनगर, वीरेंद्र चंद्र रमौला को रायपुर, मुकेश चौहान को रायवाला, मनोहर भंडारी को प्रेमनगर, नरेंद्र बिष्ट को सहसपुर और शांति कुमार को सेलाकुई का प्रभारी निरीक्षक बनाया गया है। वहीं, चकराता के प्रभारी निरीक्षक बीएल भारती को मसूरी भेजा गया है। एएचटीयू से इंस्पेक्टर राकेंद्र कठैत को नेहरू कॉलोनी थाने की जिम्मेदारी दी गई है, जबकि पटेलनगर के प्रभारी निरीक्षक नरेश राठौर को पुलिस कार्यालय में तैनाती दी गई है।

सब-इंस्पेक्टर स्तर पर भी कई अहम बदलाव किए गए हैं। रायवाला के थानाध्यक्ष मोहन सिंह को एसएसआई डालनवाला, राजपुर के थानाध्यक्ष पीडी भट्ट को रानीपोखरी और सहसपुर के थानाध्यक्ष मनोज नौटियाल को बसंत विहार भेजा गया है। सेलाकुई के थानाध्यक्ष शैंकी कुमार को एसओजी प्रभारी देहात बनाया गया है, जबकि प्रेमनगर के थानाध्यक्ष गिरीश नेगी को एसएसआई सेलाकुई की जिम्मेदारी मिली है। इसके अलावा बसंत विहार के थानाध्यक्ष अमित शर्मा और रायपुर के थानाध्यक्ष संजीत कुमार को एसआईएस शाखा भेजा गया है। एसएसआई डालनवाला कुलेन्द्र सिंह को थाना डालनवाला में तैनाती दी गई है।

आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए पुलिस विभाग में किए गए इस फेरबदल को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। नए अधिकारियों की तैनाती से जिले के विभिन्न थानों में खाली पदों को भरने के साथ ही पुलिस प्रशासन को और अधिक प्रभावी बनाने की कोशिश की गई है। अब नई जिम्मेदारी संभालने वाले अधिकारियों के सामने कानून व्यवस्था बनाए रखने और पुलिसिंग को बेहतर बनाने की चुनौती होगी।

पढ़े – https://theindiainsights.com/34-officers-transferred-in-uttarakhand/

Aarti Rawat
Aarti Rawat