उत्तराखंड SIR में 2.83 लाख दावे और आपत्तियों के बाद अब जवाब की बारी, नोटिस वाले मतदाता रखेंगे अपना पक्ष l
2.83 lakh claims and objections in the second phase of SIR: उत्तराखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की प्रक्रिया अब तीसरे चरण में पहुंच गई है। दूसरे चरण में 14 जुलाई से 13 अगस्त तक प्रदेशभर से 2,83,890 दावे और आपत्तियां प्राप्त हुई हैं। अब इनकी जांच और निस्तारण की प्रक्रिया शुरू होगी।
निर्वाचन विभाग के अनुसार प्राप्त आवेदनों में करीब 1.28 लाख फॉर्म-6, 1.07 लाख फॉर्म-7 और 47 हजार फॉर्म-8 शामिल हैं। इनमें सबसे ज्यादा ध्यान उन 1.07 लाख मतदाताओं पर रहेगा, जिनके नाम को लेकर आपत्तियां दर्ज की गई हैं।
मतदाता और आपत्तिकर्ता दोनों को नोटिस
SIR के तीसरे चरण में जिन मतदाताओं के नाम पर आपत्ति दर्ज हुई है, उन्हें नोटिस भेजकर अपना पक्ष रखने का मौका दिया जाएगा। वहीं, आपत्ति दर्ज कराने वाले व्यक्ति को भी नोटिस जारी होगा। सुनवाई के दौरान आपत्तिकर्ता को अपने आरोप या आपत्ति के समर्थन में प्रमाण देना होगा, जबकि संबंधित मतदाता को अपने नाम और पते से जुड़े जरूरी दस्तावेज प्रस्तुत करने होंगे।
यदि किसी मतदाता को BLO के माध्यम से फॉर्म-10 का नोटिस मिलता है, तो उसे नोटिस में बताई गई वजह के आधार पर ERO या AERO के समक्ष अपना जवाब और प्रमाण देना होगा।
राजनीतिक दलों को भी दी गई जानकारी
तीसरे चरण की शुरुआत के बाद मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम ने मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। बैठक में दावे-आपत्तियों के निस्तारण की प्रक्रिया और संबंधित नियमों की जानकारी दी गई।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने राजनीतिक दलों से अपने बूथ लेवल एजेंट (BLA) की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने को कहा। वहीं, फॉर्म-6, 7 और 8 को डिजिटाइज करने की प्रक्रिया भी जारी है।
अब SIR की आगे की प्रक्रिया में नोटिस और सुनवाई अहम पड़ाव होंगे। निर्वाचन विभाग का कहना है कि पूरी प्रक्रिया नियमों के अनुसार पूरी की जाएगी, ताकि मतदाता सूची को सही और अद्यतन बनाया जा सके।
