कैंची धाम में 15 जून को लगेगा कैंची मेला, श्रद्धालुओं की उमड़ेगी भीड़.

62nd foundation day of Kainchi Dham : नैनीताल के भवाली क्षेत्र में स्थित विश्व प्रसिद्ध बाबा नीम करौली महाराज के पवित्र धाम कैंची धाम में आने वाले 15 जून को वार्षिक कैंची मेला आयोजन किया जा रहा है। इस दिन को कैंची धाम की स्थापना दिवस के रूप में मनाया जाता है। कहा जाता है कि 15 जून 1964 को बाबा नीम करौली महाराज ने इस पवित्र आश्रम का उद्घाटन किया था।

कैंची धाम को आस्था, भक्ति और सेवा का प्रमुख केंद्र माना जाता है, जहां हर साल बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। वहीं इस बार भी देश-विदेश से हजारों श्रद्धालुओं के यहां पहुंचने की संभावनाए जताई जा रही है। मेले के दौरान श्रद्धालु बाबा के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त करते हैं और भक्ति भाव के साथ पूजा-अर्चना में भाग लेते हैं।

प्रशासन द्वारा जारी किये गए दिशा-निर्देश

15 जून 2026 को होने वाले इस विश्व प्रसिद्ध मेले को लेकर प्रशासन और मंदिर समिति ने श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए विशेष व्यवस्थाएं की हैं। भीड़ प्रबंधन को ध्यान में रखते हुए 120 शटल बसों की व्यवस्था की गई है, जो हल्द्वानी, काठगोदाम और अन्य निर्धारित पार्किंग स्थलों से संचालित होंगी। भीड़ नियंत्रण के लिए कैंची धाम मार्ग पर निजी वाहनों की आवाजाही सीमित रहेगी। साथ ही आपातकालीन सेवाओं के सुचारू संचालन के लिए ग्रीन कॉरिडोर भी तैयार किया जाएगा।

सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल, स्वयंसेवकों और CCTV निगरानी की व्यवस्था की जाएगी। प्रशासन के अनुसार इस वर्ष मेले में करीब 2.5 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है, इसलिए श्रद्धालुओं से समय से पहले पहुंचने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।

Srishti
Srishti