Chardham Yatra 2025 Breaks All Records : उत्तराखंड की चारधाम यात्रा इस साल अपने अंतिम चरण में है, लेकिन इसके समापन से पहले ही यह यात्रा रिकॉर्ड बुक में नया अध्याय जोड़ चुकी है। भारी बारिश, आपदा और भूस्खलन जैसी चुनौतियों के बावजूद श्रद्धालुओं की आस्था डगमगाई नहीं। मुश्किल हालातों में भी यात्रियों का उत्साह बना रहा और चारधाम यात्रा ने सभी पुराने रिकॉर्ड तोड़ दिए।
आपको बता दें, मौसम की मार के चलते जून और जुलाई में कई बार यात्रा रोकनी पड़ी, सड़कें टूटीं, पुल बह गए, सैकड़ों यात्री रास्तों में फंसे रहे। बावजूद इसके, जैसे ही मौसम सामान्य हुआ, भक्तों का सैलाब एक बार फिर पहाड़ों की ओर उमड़ पड़ा।
आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, बदरीनाथ धाम में अब तक 14 लाख 53 हजार 827 श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं, जबकि पिछले साल यह संख्या 14 लाख 35 हजार से थोड़ी कम थी। केदारनाथ धाम में 16 लाख 56 हजार से अधिक श्रद्धालु पहुंचे, वहीं गंगोत्री में 7 लाख 35 हजार और यमुनोत्री में 6 लाख 32 हजार भक्तों ने दर्शन किए हैं।
कुल मिलाकर अब तक 47 लाख 76 हजार से अधिक श्रद्धालु चारधाम यात्रा में शामिल हो चुके हैं। प्रशासन का अनुमान है कि 25 नवंबर तक, जब चारों धामों के कपाट बंद होंगे, तब तक यह संख्या 50 लाख का आंकड़ा पार कर जाएगी।
