CM Dhami Extends Greetings On Lohri Festival : लोहड़ी भारत का एक प्रमुख पर्व है। जो कि 13 जनवरी को बड़े ही हर्षोल्लास के साथ मनाया जाता है। ये त्यौहार पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश के साथ राजधानी दिल्ली और उत्तराखंड के कई इलाकों में बहुत ही धूम धाम से मनाया जाता है। आज के दिन लोग अलाव जलाते हैं । यह पर्व शीत ऋतु की विदाई और फसल चक्र की नई शुरुआत के रूप में मनाया जाता है।
आपको बता दें, लोहड़ी के अवसर पर शाम के समय मोहल्लों और सार्वजनिक स्थलों पर अग्नि प्रज्वलित करते हैं। जिसके बाद लोग तिल, गुड़, मूंगफली, रेवड़ी और पॉपकॉर्न अग्नि को अर्पित कर सुख-समृद्धि की कामना करते हैं । साथ ही, परंपरागत लोकगीतों और तालियों की गूंज से मनाया जाता है। इसके बाद लोग पारंपरिक व्यंजनों का आनंद लेते हैं और एक-दूसरे को शुभकामनाएँ देते हैं।
किसानों के लिए लोहड़ी का विशेष महत्व है, क्योंकि इसी समय रबी फसलों की अच्छी बढ़वार की कामना की जाती है। समाज में इसे सुख-समृद्धि, उन्नति और नई शुरुआत से जोड़कर देखा जाता है। नवविवाहित जोड़ों और नवजात शिशु वाले परिवारों में लोहड़ी को शुभ पर्व माना जाता है। इस दौरान युवाओं द्वारा भांगड़ा और गिद्दा जैसे पारंपरिक नृत्यों के माध्यम से उत्सव मनाया जाता है।
लोहड़ी के पर्व के मौके पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सभी प्रदेश वासियों को बधाई और शुभकामनाएं दी। साथ ही x पर पोस्ट करते हुए उन्होंने लिखा- समस्त प्रदेशवासियों को हर्ष और उल्लास के पावन पर्व लोहड़ी की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। यह पर्व आप सभी के जीवन में सुख, समृद्धि, आरोग्यता और नई ऊर्जा का संचार करे, यही कामना है।
वहीं, प्रशासन की ओर से कई स्थानों पर सुरक्षा और व्यवस्था के उचित इंतजाम किए गए हैं।
