23 जनवरी को बारिश-बर्फबारी की चेतावनी जारी, प्रशासन अलर्ट मोड पर…

IMD Issued Rain And Snowfall Alert : उत्तराखंड में मौसम लगातार करवट ले रहा है । जिसके चलते मौसम विभाग ने 23 जनवरी को प्रदेभर में बारिश और बर्फबारी को लेकर संभावना जताई है। जिसको देखते हुए प्रशासन ने ने सभी विभागों को पूरी तरह सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं, ताकि किसी भी तरह की परेशानी से लोगों को सुरक्षित रखा जा सके।

आपको बता दें, आपदा प्रबंधन सचिव विनोद कुमार सुमन ने जिला आपदा प्रबंधन अधिकारियों और संबंधित विभागों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि मौसम खराब होने की स्थिति में तुरंत कार्रवाई बेहद जरूरी है और सभी विभाग आपस में मिलकर काम करें।

वहीं, प्रशासन द्वारा पुलिस, स्वास्थ्य, लोक निर्माण, बिजली, पेयजल, पशुपालन और नगर निकाय विभागों को अलर्ट पर रहने को कहा गया है। खास तौर पर दूरस्थ और ऊंचाई वाले इलाकों में गर्भवती महिलाओं और नवजात शिशुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि जरूरत पड़ने पर व्यवस्था पहले से मौजूद रहे।

साथ ही, बर्फबारी से सड़कों के बंद होने की आशंका को देखते हुए संवेदनशील और उच्च हिमालयी मार्गों पर जेसीबी, स्नो कटर सहित जरूरी मशीनें पहले ही तैनात करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही जोखिम वाले सड़कों, पुलों और पैदल रास्तों की पहचान कर वहां अतिरिक्त सुरक्षा इंतजाम करने को कहा गया है, ताकि आम लोगों को किसी तरह की दिक्कत का सामना न करना पड़े।

Srishti
Srishti