“जहां सम्मान नहीं, वहां नहीं रहना चाहिए”: जुबिन नौटियाल के पिता रामशरण नौटियाल का BJP से इस्तीफा..

Ram Sharan Nautiyal Resigns from BJP : मशहूर बॉलीवुड गायक जुबिन नौटियाल के पिता और भारतीय जनता पार्टी (BJP) के पूर्व नेता रामशरण नौटियाल ने BJP से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने पार्टी में ‘सम्मान न मिलने’ और आंतरिक राजनीतिक खींचतान का आरोप लगाते हुए अपना इस्तीफा अपने स्टेनो के माध्यम से पार्टी नेतृत्व को भिजवाया है।
बता दे रामशरण नौटियाल साल 2014 में बीजेपी में शामिल हुए थे। वे देहरादून जिला पंचायत के अध्यक्ष रह चुके हैं और उन्होंने साल 2022 के उत्तराखंड विधानसभा चुनाव में चकराता सीट से BJP के टिकट पर चुनाव लड़ा था।

BJP से इस्तीफ़ा दिये जाने पर राम शरण नौटियाल ने तोड़ी चुप्पी

वहीं अब BJP से इस्तीफ़ा दिये जाने पर राम शरण नौटियाल ने चुप्पी तोड़ी है। उन्होंने कहा जहां अपमान हो वहां नहीं रहना चाहिए। साथ ही उन्होंने बिना नाम लिये पार्टी के बड़े नेताओं पर निशाना साधा है। राम शरण नौटियाल ने कहा जहां अनुशासन न हो और जहां सीनियर नेता अनुशासन तोड़ने वालों का साथ देते हों, या जहां सम्मान न हो और साफ़ तौर पर बेइज़्ज़ती होती हो वहां किसी को नहीं रहना चाहिए। किसी भी हाल में वहां नहीं रुकना चाहिए।

उन्होंने कहा इस्तीफे को लेकर मेरा रुख़ बिल्कुल साफ़ है। मैंने 2014 में पार्टी जॉइन की थी। उन्होंने कहा इस दौरान मैने काफ़ी कुछ सीखा और अनुभव किया। राम शरण नौटियाल ने कहा पार्टी में सीनियर नेताओं से लेकर ज़मीनी स्तर के कार्यकर्ताओं तक, कई लोगों ने मुझे बहुत प्यार और सम्मान दिया, और मैं उनका शुक्रगुज़ार हूं। राम शरण नौटियाल ने कहा पार्टी में दो तीन नेता इसके लिए जिम्मेदार हैं। जिसके कारण मैं इस्तीफा दे रहा हूं।

हालांकि राजनीतिक हलकों में उनके वापस कांग्रेस में शामिल होने और विकासनगर सीट से आगामी विधानसभा चुनाव (फरवरी-मार्च 2027) लड़ने की अटकलें लगाई जा रही हैं, लेकिन रामशरण नौटियाल ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल वे किसी दूसरी पार्टी में शामिल नहीं हो रहे हैं और अभी स्वतंत्र हैं।

वहीं BJP के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा है कि उन्हें सोशल मीडिया के जरिए इस इस्तीफे की जानकारी मिली है, लेकिन पार्टी को अभी तक उनका आधिकारिक इस्तीफा प्राप्त नहीं हुआ है।
वहीं महेंद्र भट्ट के इस्तीफे न मिलने वाले बयान पर भी राम शरण नौटियाल ने स्थिति साफ की है। उन्होंने कहा अब उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष को इस्तीफा मेल भी कर दिया है।

पढ़े – उत्तराखंड में भारत निर्वाचन आयोग का SIR की प्रक्रिया संपन्न, 3 अक्टूबर को जारी होगी फाइनल मतदाता सूची..

Aarti Rawat
Aarti Rawat