In Haridwar, drunken men in a car misbehaved with women : हरिद्वार के बहादराबाद कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार यानी 2 अक्टूबर को हाईवे पर दिल्ली नंबर की कार में सवार चार नशे में धुत युवकों द्वारा महिलाओं से अभद्रता और बदसलूकी करने का मामला सामने आया है। महिलाओं ने इस बदतमीजी का हिम्मत से विरोध किया और पुलिस को शिकायत की। शिकायत मिलते ही बहादराबाद कोतवाली पुलिस तुरंत हरकत में आई और मौके पर पहुंचकर चारों हुड़दंगी युवकों को हिरासत में ले लिया। पकड़े जाने पर आरोपी हाथ जोड़कर माफी मांगने लगे, लेकिन पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर थाने पहुंचा दिया।
जानकारी के अनुसार महिलाओं का एक ग्रुप अपनी गाड़ी से यात्रा कर रहा था। आरोप है कि बहादराबाद टोल से पहले दिल्ली नंबर की एक कार में सवार चार युवक उनके पीछे लग गए। युवकों ने महिलाओं की गाड़ी को रोकने की कोशिश की और उनके साथ अभद्रता तथा गाली गलौज की। वहीं महिलाओं के विरोध करने के बावजूद युवक कथित तौर पर बदतमीजी करते रहे। जिससे हाईवे पर कुछ समय के लिए अफरा तफरी की स्थिति बन गई।
वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
महिलाओं ने अभद्रता कर रहे कार सवारों की वीडियो बना ली। वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। वायरल वीडियो में कार सवार चार लोग महिलाओं के साथ अभद्रता करते हुए नजर भी आ रहे हैं। वीडियो में महिलाएं उन पर नशे में होने का आरोप भी लगा रही हैं। वहीं घटना की जानकारी मिलने पर बहादराबाद क्षेत्र की पुलिस चौकी से टीम मौके पर पहुंची और कार सवार चारों युवकों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने युवकों को हिरासत में लेकर मेडिकल कराया, जिसमें शराब का सेवन किए जाने की पुष्टि हुई जिसके बाद पुलिस ने कार को सीज करने के साथ मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालान की कार्रवाई की है।
वहीं कोतवाली प्रभारी बहादराबाद इंस्पेक्टर अमरजीत सिंह ने बताया कि नशे की हालत में वाहन चलाने और आम लोगों के साथ अभद्रता करने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। मेडिकल में एल्कोहल की पुष्टि होने पर कार को सीज कर दिया गया है। सड़क पर हुड़दंग या यातायात नियमों का उल्लंघन किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
पढ़े – “जहां सम्मान नहीं, वहां नहीं रहना चाहिए”: जुबिन नौटियाल के पिता रामशरण नौटियाल का BJP से इस्तीफा..
