A Mission Our Rivers Campaign : नगर निगम देहरादून के द्वारा 100 दिन ‘एक मिशन-हमारी नदिया’ चलाया जा रहा है। जिसके अंतर्गत नदियों को पुनर्जीवित करने के लिए एक विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है। नगर निगम इस अभियान के तहत नगर निगम क्षेत्र में बड़े स्तर पर नाले एवं नालियों के सुधार और सफाई का कार्य कर रहा हैं। इसमें मुख्य नालों, सहायक नालों और आंतरिक नालियों की बेहतर तरीकों से सफाई की जा रही है।
अभियान के दौरान लगभग 7922 से अधिक मीट्रिक टन कचरा निकाला जा चुका
आपको बता दें कि अभियान के अंतर्गत अब तक 9 प्रमुख नालों की सफाई सफलतापूर्वक पूरी की जा चुकी है जबकि बाकी नालों में कार्य युद्ध स्तर पर किया जा रहा है। मिली जानकारी के अनुसार सफाई अभियान के दौरान लगभग 7922 से अधिक मीट्रिक टन कचरा निकाला जा चुका है। इसमें मुख्य रूप से ठोस कचरा, प्लास्टिक कचरा और अन्य अवरोध सामग्री शामिल है।
अभियान के तहत कई जेसीबी मशीनों, डंपर और ट्रैक्टर ट्रॉलियों की सहायता से जमा कचरे को हटाकर उसका वैज्ञानिक और सुरक्षित निस्तारण किया जा रहा है। साथ ही उन स्थानों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है जहां बीते वर्ष में जल भराव की समस्या हुई थी, ताकि जलभराव की समस्या दोबारा उत्पन्न ना हो। नगर निगम के द्वारा यह विशेष अभियान आने वाले बारिश के मौसम को देखते हुए शहर की जल निकासी व्यवस्था को सुदृढ़ और व्यवस्थित बनाने सहित नदियों के पुनर्जीवित के लक्ष्य के साथ संचालित किया जा रहा है।
नगर निगम का यह विशेष सफाई अभियान निरंतर जारी रहेगा
नगर आयुक्त, नमामि बंसल ने बताया कि इस अभियान की निगरानी के लिए संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए गए हैं, जिससे कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता हो सके। साथ ही क्षेत्र में नियमित निरीक्षण कर प्रगति की समीक्षा भी की जा रही है। वहीं नगर निगम, देहरादून नागरिकों से अपील करता है कि वे नालों और नालियों में कूड़ा- कचरा, प्लास्टिक या निर्माण सामग्री न डालें, जिससे जल निकासी व्यवस्था बाधित न हो।
नगर आयुक्त ने कहा कि स्वच्छ, स्वस्थ और जलभराव मुक्त शहर के निर्माण में जनसहभागिता अत्यंत आवश्यक है। नगर निगम का यह विशेष सफाई अभियान निरंतर जारी रहेगा और शहर को स्वच्छ, सुव्यवस्थित और जलभराव मुक्त बनाने के लक्ष्य को पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ हासिल किया जाएगा।
