अंकिता केस पर BJP विधायक का बयान बना सियासी मुद्दा, हरक सिंह रावत ने उठाए सवाल…

BJP MLA’s statement on Ankita case: उत्तराखंड में अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर एक बार फिर सियासी हलचल तेज हो गई है। BJP के लैंसडौन विधायक दिलीप सिंह रावत के एक बयान ने नए विवाद को जन्म दे दिया है। विधायक ने अंकिता के माता-पिता को सुझाव दिया कि अगर वे सरकार की कार्रवाई से संतुष्ट नहीं हैं और उन्हें न्याय नहीं मिला है, तो उन्हें सरकार की ओर से दी गई आर्थिक सहायता भी वापस कर देनी चाहिए। उनके इस बयान के बाद कांग्रेस ने BJP पर तीखा हमला बोला है।

कांग्रेस प्रदेश के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने विधायक के बयान को संवेदनहीन और महिला विरोधी मानसिकता का परिचायक बताया। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या अंकिता के परिवार को सरकारी मुआवजा इस शर्त पर दिया गया था कि वे मामले में कथित VIP की भूमिका को लेकर सवाल नहीं उठाएंगे? धस्माना ने कहा कि आर्थिक सहायता सरकार या BJP की निजी संपत्ति से नहीं, बल्कि जनता के टैक्स के पैसे से दी गई है। ऐसे में पीड़ित परिवार को सहायता मिलने का मतलब यह बिल्कुल नहीं है कि वह न्याय की मांग करना छोड़ दे।

वहीं, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत ने भी अंकिता मामले को लेकर BJP पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा इस मामले में उठ रहे सवालों और कथित VIP की भूमिका से जनता का ध्यान भटकाने की कोशिश कर रही है। हरक सिंह रावत का कहना है कि कांग्रेस अंकिता को न्याय दिलाने और मामले में कथित VIP की जवाबदेही तय होने तक अपनी लड़ाई जारी रखेगी। उन्होंने BJP पर राजनीतिक मुद्दों को उछालकर असल सवालों से बचने का आरोप भी लगाया।

गौरतलब है कि 18 सितंबर 2022 को ऋषिकेश के पास वनंतरा रिजॉर्ट में रिसेप्शनिस्ट के तौर पर काम करने वाली 19 वर्षीय अंकिता भंडारी की हत्या कर दी गई थी। इस मामले में रिजॉर्ट मालिक पुलकित आर्य और उसके दो कर्मचारियों सौरभ भास्कर व अंकित गुप्ता को अदालत ने दोषी ठहराते हुए उम्रकैद की सजा सुनाई थी। हालांकि, सजा के बावजूद अंकिता के परिवार की कथित VIP की भूमिका की जांच और पहचान उजागर करने की मांग लगातार बनी हुई है। इसी मुद्दे पर BJP और कांग्रेस के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है। अब विधायक दिलीप रावत के बयान ने इस विवाद को एक बार फिर राजनीतिक बहस के केंद्र में ला दिया है।

पढ़े –https://theindiainsights.com/cm-dhami-approves-da-increase-for-employees/

Aarti Rawat
Aarti Rawat