“Carry Me Back” Campaign in Kedarnath : पर्यावरण संरक्षण और केदारनाथ धाम को स्वच्छ, सुंदर एवं कचरामुक्त बनाने के लिए जिला प्रशासन रुद्रप्रयाग की ओर से ‘कैरी मी बैक’ अभियान चलाया जा रहा है। बता दे जिलाधिकारी विशाल मिश्रा के निर्देशन में चलाए जा रहे इस अभियान के तहत अब तक दो टन कचरा केदारनाथ धाम क्षेत्र से गौरीकुंड लाया जा चुका है।
अभियान चलाकर यात्रियों को स्वच्छता का दिया संदेश
नगर पंचायत केदारनाथ, हीलिंग हिमालय फाउंडेशन और सुलभ इंटरनेशनल की ओर से चलाए जा रहे इस अभियान को यात्रियों का सहयोग भी मिल रहा है। अभियान के तहत यात्रियों को अपने साथ ले जाए गए प्लास्टिक, पानी की खाली बोतल, खाद्य सामग्री के रैपर और अन्य गैर-जैविक कचरे को धाम में न छोड़कर वापस गौरीकुंड लाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
इसके साथ ही यात्रा मार्ग और धाम क्षेत्र में तैनात कार्मिक व स्वयं सेवकों की ओर से लगातार जागरूकता अभियान चलाकर यात्रियों को स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया जा रहा है। जिसका सकारात्मक प्रभाव अब साफ तौर पर दिखाई देने लगा है।
