चारधाम यात्रा 2026: हेली सेवा को लेकर तैयारियां तेज, सुरक्षा पर रहेगा खास जोर…

Char Dham Yatra 2026 Heli Seva Update : उत्तराखंड में आगामी चारधाम यात्रा के लिए यूकाडा ने हेली सेवा संचालन की प्रक्रिया शुरू कर दी है। जिसके चलते केदारनाथ हेली सेवा के लिए टेंडर जारी कर दिए गए हैं। इस वर्ष चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं के लिए अच्छी खबर यह है कि इस बार हेली यात्रा के किराए में किसी भी तरह की बढ़ोतरी नहीं की जाएगी।

आपको बता दें, यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए केदारनाथ और बदरीनाथ धाम में एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) टावर स्थापित किए जाएंगे। इससे पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम की ताज़ा और सटीक जानकारी समय पर मिल सकेगी। साथ ही खराब मौसम की स्थिति में हेलिकॉप्टर उड़ानों को अनुमति नहीं दी जाएगी।

अप्रैल से शुरू होगी चारधाम यात्रा

आपको बता दें, इस वर्ष चारधाम यात्रा अप्रैल से शुरू होने जा रही है। बदरीनाथ धाम के कपाट 23 अप्रैल को खुलेंगे, जबकि केदारनाथ धाम के कपाट महाशिवरात्रि के दिन खोले जाने का निर्णय लिया गया है। यूकाडा के अनुसार केदारनाथ हेली सेवा की मांग सबसे अधिक रहती है, लेकिन पिछले वर्ष उत्तरकाशी और केदारघाटी में हुए हेलिकॉप्टर हादसों के बाद सुरक्षा मानकों को और सख्त किया गया है।

DGCA के साथ हुई अहम बैठक

चारधाम यात्रा के दौरान हेली सेवाओं को सुरक्षित बनाने के लिए यूकाडा और डीजीसीए के बीच बैठक आयोजित की गई। इसमें मंदाकिनी घाटी, बदरीनाथ और उत्तरकाशी क्षेत्रों में हेलिकॉप्टर संचालन को लेकर गहन मंथन हुआ। डीजीसीए का केदारनाथ रूट पर 30 प्रतिशत उड़ान कम करने का निर्णय इस साल भी लागू रहेगा।

केदारनाथ हेली सेवा का किराया

गुप्तकाशी से केदारनाथ – ₹12,444
फाटा से केदारनाथ – ₹8,842
सिरसी से केदारनाथ – ₹8,839

यूकाडा के सीईओ आशीष चौहान ने बताया कि हेली सेवा और चार्टर्ड उड़ानों पर लगातार निगरानी रखी जाएगी और सभी सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन कराया जाएगा।

Srishti
Srishti