CM Dhami celebrated his birthday: CM पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार यानी आज 16 सितंबर को अपने जन्मदिन के अवसर पर देहरादून स्थित राष्ट्रीय दृष्टि दिव्यांगजन सशक्तिकरण संस्थान के दिव्यांग बच्चो के बीच पहुंचकर अपना जन्मदिन मनाया। इस दौरान सीएम धामी ने बच्चों के साथ केक काटा और उनके साथ आत्मीयता से समय बिताया। वहीं बच्चों ने सीएम धामी के लिए जन्मदिवस पर गाना गया, जिस पर सीएम धामी भावुक नजर आए। इसके बाद सीएम धामी ने बच्चों के बीच जाकर उनसे संवाद किया और उनके साथ समय बिताया। मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर बच्चे भी उत्साहित और खुश नजर आए।
इस मौके पर CM धामी ने कहा कि, बच्चों के बीच बिताया गया समय जीवन को नई ऊर्जा और प्रेरणा देता है। हर बच्चे में अपार प्रतिभा और संभावनाएं होती हैं। उन्हें आगे बढ़ने के लिए अवसर, प्रोत्साहन और विश्वास मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि, दिव्यांगजन का सशक्तिकरण केवल सरकारी प्रयासों तक सीमित विषय नहीं है, बल्कि यह समाज की सामूहिक जिम्मेदारी भी है। दृढ़ इच्छाशक्ति, आत्मविश्वास और लगातार प्रयास से जीवन की हर चुनौती को पार किया जा सकता है। मुख्यमंत्री ने बच्चों को अपने लक्ष्य की ओर पूरे विश्वास और उत्साह के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
सीएम धामी ने कहा कि, मनुष्य हर दिन सोने के बाद जब प्रातः काल उठता है वो उसका जन्म ही होता है। क्योंकि वो नए दिन में आता है। ऐसे में इस अवतरण दिन पर उनका प्रयास रहता है कि बच्चों के बीच जाएं और उनके साथ कुछ देर रह कर बातचीत करे।
साथ ही उन्होने कहा कि, NIBH के बच्चों को आगे बढ़ाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तमाम काम किए हैं और योजनाएं बनाई हैं। साथ ही इन सभी दिव्यांग बच्चों को हर तरह से सक्षम बनाने का काम किया जा रहा है।
