CM Dhami Met Union Minister : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नई दिल्ली में स्थित कर्तव्य भवन में केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री से भेंट कर उत्तराखंड की भौगोलिक परिस्थितियों एवं आपदाजन्य संवेदनशीलता के दृष्टिगत विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की।
चारधाम यात्रा के दौरान देश-विदेश से लाखों श्रद्धालुओं का आगमन
इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने चारधाम यात्रा के निर्बाध, सुरक्षित एवं सुचारु संचालन के लिए व्यावसायिक एलपीजी सिलेंडर की आपूर्ति को पहले की तरह 100% बनाए रखने का अनुरोध किया। उन्होंने अवगत कराया की राज्य में अप्रैल से नवंबर तक संचालित होने वाली चारधाम यात्रा के दौरान देश-विदेश से लाखों श्रद्धालुओं का आगमन होता है, जिससे व्यावसायिक LPG की मांग में उल्लेखनीय वृद्धि होती है। इस अवधि में राज्य को लगभग 9,67,949 व्यावसायिक एलपीजी सिलिंडरों की आवश्यकता होती है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि जून से सितंबर के मध्य मानसून अवधि में राज्य को प्रतिवर्ष प्राकृतिक आपदाओं का सामना करना पड़ता है। पर्वतीय भू-भाग एवं दुर्गम परिस्थितियों के कारण आपदा प्रबंधन एवं राहत कार्यों में एलपीजी गैस की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण हो जाती है।
