CM Dhami Transfers Funds To Youth : उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना के अंतर्गत 3,848 लाभार्थियों को बड़ी सौगात दी। जिसमें उन्होंने ऑनलाइन माध्यम से 33.22 करोड़ रुपये की धनराशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में ट्रांसफर की।
स्वरोजगार को मिलेगा बढ़ावा
आपको बता दें, इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की सोच स्पष्ट है उत्तराखंड का युवा केवल नौकरी तलाशने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला बने। इसके साथ ही सीएम ने बताया कि स्वरोजगार योजना ने राज्य में पलायन रोकने और रिवर्स माइग्रेशन को बढ़ावा देने में अहम भूमिका निभाई है। कोविड-19 के दौरान वापस लौटे प्रवासी, युवा उद्यमी, कारीगर, हस्तशिल्पी और शिक्षित बेरोजगार इस योजना से बड़े स्तर पर लाभान्वित हो रहे हैं।
योजना के तहत उत्तराखंड के मूल और स्थायी निवासियों को विनिर्माण, सेवा और व्यापार क्षेत्रों में राष्ट्रीयकृत, सहकारी और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंकों के माध्यम से ऋण सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है । फैक्ट्री या उत्पादन से जुड़ा काम शुरू करने के लिए 25 लाख रुपये तक और सेवा या व्यापार के लिए 10 लाख रुपये तक का ऋण लिया जा सकता है। इसके साथ ही सरकार 15 से 25 प्रतिशत तक की सब्सिडी भी दे रही है, जिससे लोगों पर आर्थिक बोझ कम हो सके और वे आत्मनिर्भर बन सकें।
लक्ष्य से अधिक लाभार्थी हुए शामिल
मुख्यमंत्री ने बताया कि योजना के तहत लगभग 32 हजार लाभार्थियों को जोड़ने का लक्ष्य रखा गया था, जबकि अब तक 35 हजार से अधिक लोग इसका लाभ उठा चुके हैं। अब तक 1,389 करोड़ रुपये से अधिक का ऋण वितरित किया जा चुका है, जिससे करीब 64,966 नए रोजगार सृजित हुए हैं।
डीबीटी से पारदर्शिता पर जोर
उन्होंने कहा कि सब्सिडी की राशि DBT के जरिए सीधे खातों में भेजी गई है, जो सरकार की पारदर्शी और तकनीक आधारित कार्यशैली को दर्शाता है। मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना आत्मनिर्भर उत्तराखंड की दिशा में एक मजबूत कदम है। सरकार का लक्ष्य है कि हर जिले में स्थानीय उद्यम विकसित हों और हर युवा को रोजगार के अवसर मिलें।
