प्याज की माला पहन सड़क पर उतरी कांग्रेस, महंगाई पर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन..

Congress Protest Against Inflation : देश और प्रदेश भर में बढ़ती महंगाई, रसोई के बढ़ते खर्च और आम जनता पर बढ़ते आर्थिक बोझ के खिलाफ महानगर महिला कांग्रेस ने एक अनोखा विरोध प्रदर्शन किया है। महानगर महिला कांग्रेस की अध्यक्ष उर्मिला थापा के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने देहदादून में एश्ले हॉल चौक पर भाजपा सरकार का पुतला दहन कर विरोध जताया।

इस प्रदर्शन के दौरान अपने गले में चीनी के पैकेट्स और प्याज की माला पहनकर सरकार के खिलाफ अपना रोष जताया। साथ ही जमकर नारेबाजी कर बढ़ती महंगाई पर तत्काल प्रभाव से अंकुश लगाने की भी मांग उठाई। प्रदर्शनकारी महिलाओं का कहना था कि लगातार बढ़ती कीमतों के कारण घर का बजट प्रभावित हो रहा है। आम परिवारों पर आर्थिक दबाव बढ़ता जा रहा है। वहीं महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राज्य और केंद्र सरकार पर भी जमकर हमला बोला।

आम आदमी का गृहस्थी चलाना मुश्किल – कांग्रेस नेत्री

वहीं कांग्रेस नेत्री उर्मिला थापा ने कहा चीनी की कीमत लगातार बढ़ती जा रही है, लेकिन सरकार चीनी के बढ़ते दामों पर नियंत्रण नहीं लग पा रही है। महिला कांग्रेस का कहना है कि रोजमर्रा की जरूरी चीजें जैसे राशन, तेल, सब्जियां, चीनी और रसोई गैस के दाम लगातार बढ़ रहे हैं, जिससे घर का बजट पूरी तरह बिगड़ गया है और आम जनता पर आर्थिक बोझ बढ़ गया है।

उन्होंने कहा कि बढ़ती महंगाई के कारण आम आदमी का गृहस्थी चलाना मुश्किल हो गया है। उन्होंने कहा कोई भी चीज आम आदमी को सस्ती दर पर नहीं मिल रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकाल के समय जब किसी वस्तु के एक या 2 रुपये दाम बढ़ जाते थे तो भाजपा कार्यकर्ता सड़कों पर बैठ जाते थे, लेकिन अब जब खाने की चीजों में 30 से ₹40 रुपए की वृद्धि की जा रही है, उससे आम आदमी का भरोसा सरकार से उठता जा रहा है।

Srishti
Srishti