Congress Workers March to CM Residence : हल्द्वानी में शुद्धिकरण के विरोध में आज 7 सितंबर को कांग्रेस कार्यकर्ता तेज बारिश के बीच सीएम आवास घेराव के लिए निकले। बता दे कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में सीएम आवास कूच में शामिल हुए। वहीं इस दौरान पुलिस ने हाथीबड़कला के पास बैरिकेडिंग लगाकर प्रदर्शनकारियों को रोक दिया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं और पुलिस के बीच धक्का मुक्की हुई।
सीएम आवास घेराव के दौरान उत्तराखंड प्रभारी कुमारी सैलजा व अन्य वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में कई लोगों ने कांग्रेस का दामन थामा। कांग्रेस में शामिल होने वालों में यशपाल राणा पूर्व मेयर रुड़की, भुवनेश खर्कवाल पूर्व प्रमुख यमकेश्वर कोटद्वार, मनोज सैनी पूर्व प्रधानाचार्य एवं पूर्व अध्यक्ष गन्ना समिति हरिद्वार, रामकुमार वालिया(पूर्व दर्जा राज्य मंत्री), रविन्द्र आनन्द(पूर्व अध्यक्ष मंडी समिति देहरादून) एडवोकेट सचिन कुमार, पुरोला शामिल हैं।
मल्लिकार्जुन खरगे की रैली के बाद किया गया शुद्धिकरण
बता दे प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने उत्तराखंड के लोगों की भावना के साथ विश्वासघात किया। राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की रैली के बाद अपने ही लोगों से शुद्धिकरण कराया। आगामी चुनाव के लिए भाजपा हर तरह के हथकंडे अपना रही है।
वहीं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने नई दिल्ली स्थित आवास में एक घंटे का मौन व्रत रखा। हरीश रावत पिछले कुछ महीनों से स्वास्थ्य लाभ के लिए नई दिल्ली में हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा “कुछ अनचाहे कारण और अदृश्य शक्तियां बार-बार ऐसी स्थिति पैदा कर दे रही हैं कि मैं उत्तराखंड की ओर प्रस्थान की हिम्मत नहीं जुटा पा रहा हूं। उत्तराखंड में अस्पृश्यता व अपमानकारी छुआछूत को संरक्षण दे रही शक्तियों के खिलाफ संघर्ष चल रहा है। इस संघर्ष में अपनी भागीदारी को दर्ज करने के लिए सात सितंबर को अपने दिल्ली स्थित आवास पर एक घंटे का मौन व्रत रखूंगा और भगवान से प्रार्थना करूंगा कि छुआछूत, सामाजिक भेदभाव पैदा करने वाली शक्तियों को पराजित करे”।
