मसूरी माल रोड में प्रवेश को लेकर 2 दंपतियों की बीच मारपीट, मौके पर पहुंची पुलिस

Couples fight on Mall Road in Mussoorie : पहाड़ों की रानी कह जाने वाली मसूरी (Mussoorie) में बीते रविवार की शाम माल रोड बैरियर पर एक मामूली बात पर दो दंपतियों के बीच हुई बहस मारपीट में बदल गई। बता दे दिल्ली से आए एक पर्यटक ने प्रतिबंधित समय में माल रोड (Mall Road) के अंदर वाहन ले जाने की जिद पकड़ ली। विवाद इतना बढ़ गया कि पर्यटक दंपति और स्थानीय दंपति के बीच जमकर मारपीट हो गई। इसके बाद जमकर गाली-गलौज और लात घुसे भी चले। घटना के बाद भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों के साथ मिलकर कड़ी मशक्कत के बाद स्थिति संभाली और दोनों को अलग किया।

मारपीट में बदल गई मामूली कहासुनी

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दिल्ली से आया एक पर्यटक अपनी पत्नी और बच्चों के साथ माल रोड बैरियर पर पहुंचा था। ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों ने उसे बताया कि प्रतिबंधित समय में माल रोड पर वाहनों की एंट्री पूरी तरह बंद है, और वाहन को पार्किंग में खड़ा कर पैदल जाना होगा।

लेकिन पर्यटक वाहन अंदर ले जाने की जिद्द पर अड़ा रहा। बताया जा रहा है कि पर्यटक ने बैरियर के पास ही वाहन खड़ा कर दिया और करीब साढ़े पांच घंटे तक वहीं बैठा रहा। जिससे सड़क पर लंबा जाम लग गया देर शाम स्थानीय दंपति और लोग वहां पहुंचे और सड़क से वाहन हटाने का अनुरोध किया। इस बात को लेकर दोनों पक्ष में कहासुनी शुरू हो गए। जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई।

सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस

बताया जा रहा है कि पर्यटक और उसकी पत्नी वाहन से उतरकर स्थानीय व्यक्ति पर चप्पलों से हमला करने लगे। इसके बाद उसकी पत्नी भी उलझ पड़ी। दोनों पक्षों के बीच जमकर लात घुसे चले वहीं महिलाओं के बीच भी धक्का-मुक्की और हाथापाई हुई। घटना के दौरान माल रोड बैरियर क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर मसूरी पुलिस मौके पर पहुंची और काफी प्रयास के बाद दोनों पक्षों को शांत कराया। बाद में पुलिस दोनों पक्षों को मसूरी कोतवाली लेकर गई और रात तक एक दूसरे के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने को लेकर बहस चलती रही।

मसूरी कोतवाल देवेंद्र चौहान का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में प्रतिबंधित समय में नियमों का उल्लंघन और सार्वजनिक स्थान पर हंगामा करने की बात सामने आई है। पुलिस के अनुसार मामले में पब्लिक न्यूसेंस फैलाने और कानून व्यवस्था बाधित करने के तहत भी कार्यवाही की जा सकती है।

Srishti
Srishti