गन्ने से लदे ट्रैक्टर से टकराई वॉल्वो बस, दर्दनाक हादसे में चालक की मौत

Deadly Road Accident In Dehradun : देहरादून-हरिद्वार राष्ट्रीय राजमार्ग से एक सड़क दुर्घटना की खबर सामने आ रही है। जहां एक दिल्ली से देहरादून आ रही यात्रियों से भरी वॉल्वो बस अचानक अनियंत्रित होकर आगे चल रहे गन्ने से भरे ट्रैक्टर-ट्राले से टकरा गई।

आपको बता दें, सोमवार सुबह करीब 5:30 बजे देहरादून-हरिद्वार राष्ट्रीय राजमार्ग के नुंनावाला गुरुद्वारे के पास भानियावाला क्षेत्र में यात्रियों से भरी वॉल्वो बस अचानक अनियंत्रित होकर आगे चल रहे गन्ने से भरे ट्रैक्टर-ट्राले में जा टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस चालक की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त बस में फंसे चालक को टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे में बस का परिचालक भी घायल हुआ है, जिसे उपचार के लिए भर्ती कराया गया है। राहत की बात यह है कि बस में सवार सभी यात्री सुरक्षित हैं।

पुलिस के अनुसार मृतक चालक की पहचान योगेंद्र (52), निवासी पटला, थाना मोदी नगर गाजियाबाद के रूप में हुई है। वहीं घायल परिचालक दिलशान (32), निवासी आरिफपुर, थाना बाबूगढ़, हापुड़ है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Aarti Rawat
Aarti Rawat