चारधाम यात्रा से पहले बड़ा फैसला, बदरीनाथ-केदारनाथ में गैर सनातनियों की एंट्री बैन…

Entry Ban For Non-Sanatanis At Chardham : उत्तराखंड में आगामी चारधाम यात्रा से पहले बदरी-केदार मंदिर समिति (बीकेटीसी) की बैठक में मंगलवार को कई अहम निर्णय लिए गए। बैठक में वर्ष 2026-27 के लिए 121.07 करोड़ रुपये का बजट मंजूर किया गया। साथ ही बदरीनाथ और केदारनाथ धाम में गैर-सनातनियों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाने का प्रस्ताव भी पारित किया गया।

आपको बता दें, देहरादून के कैनाल रोड स्थित कार्यालय में बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी की अध्यक्षता में हुई बैठक में आगामी यात्रा सीजन की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। जिसमें बदरीनाथ धाम के लिए 57.47 करोड़ रुपये और केदारनाथ धाम के लिए 63.60 करोड़ रुपये का बजट प्रावधान रखा गया है। कुल अनुमानित आय के मुकाबले लगभग 99.45 करोड़ रुपये खर्च किए जाने का प्रस्ताव है।

बैठक के दौरान मुख्य कार्याधिकारी विजय प्रसाद थपलियाल ने पिछली बैठक के निर्णयों की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की और वर्ष 2026-27 का बजट रखा। अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने बताया कि अप्रैल से चारधाम यात्रा शुरू होने वाली है, इसलिए यात्रा को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए बजट में आवश्यक प्रावधान किए गए हैं।

बैठक में धामों में यात्रा से पहले व्यवस्थाओं को मजबूत करने के लिए कई प्रस्तावों पर भी मुहर लगी। इनमें ऋषिकेश ट्रांजिट कैंप में मंदिर समिति का शिविर कार्यालय खोलना, मंदिर परिसर में तय दूरी तक मोबाइल फोन के उपयोग पर प्रतिबंध, दर्शन और पूजा व्यवस्था को बेहतर बनाना, मंदिरों की मरम्मत और रंग-रोगन, पेयजल और बिजली व्यवस्था को सुदृढ़ करना शामिल है।

इसके अलावा कर्मचारियों की पदोन्नति, अस्थायी कर्मचारियों के वेतन से जुड़ी समस्याओं का समाधान, मानदेय बढ़ाने, मंदिरों के रखरखाव, ऑनलाइन पूजा व्यवस्था को और व्यवस्थित करने तथा मंदिर समिति की वेबसाइट को बेहतर बनाने जैसे प्रस्ताव भी बैठक में पारित किए गए।

Srishti
Srishti