आग बुझाने गए वनकर्मी की जलकर हुई मौत, 1 परिजन को सरकारी नौकरी की मांग….

Fire Watcher Died while working: चमोली से 1 व्यक्ति के जलकर खाई में गिरने से मौत की खबर सामने आ रही है। बुधवार रात को बेहुबगढ़ बिराही में बदरीनाथ हाईवे के पास चीड़ के जंगल में लगी आग को बुझाने गए फायर वाचर की आग में जलकर करीब 70 मीटर गहरी खाई में गिरने से मौत हो गई।

मिली जानकारी के अनुसार बीते बुधवार को दोपहर 2:00 बजे चीड़ के जंगल में अचानक से आग लग गई थी। विभागीय अधिकारियों ने चमोली रेंज के फायर वॉचरों को प्रभावित क्षेत्र में आग बुझाने के लिए भेजा था। आग बुझाने पहुंची 15 सदस्य की टीम में राजेंद्र सिंह भी शामिल थे। शाम 7:00 बजे जब आग पर काफी हद तक काबू पा लिया गया उसके बाद सभी फायर वॉचर बदरीनाथ हाईवे पर पहुंचे लेकिन राजेंद्र सिंह नहीं पहुंच पाए।

सभी फायर वाचरों ने राजेंद्र सिंह के गायब होने की जानकारी अधिकारियों को दी, जिस पर उन्होंने इसकी सूचना एसपी सुरजीत सिंह पवार को दी। जिसके बाद SDRF की टीम के साथ ही वनकर्मी राजेंद्र सिंह की खोज में जुड़ गए। बुधवार रात करीब 10:30 बजे जंगल में राजेंद्र का मोबाइल फोन मिला, पर वह वहां नहीं था। अंधेरे होने के कारण रेस्क्यू रोक दिया गया। बृहस्पतिवार सुबह होते ही फिर रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया तो राजेंद्र सिंह का शव करीब 70 मीटर गहरी खाई में मिला।

जब राजेंद्र सिंह का शव बरामद हुआ तो उनका शरीर आग से पूरी तरह झुलस चुका था। डीएफओ का कहना है कि आग बुझाते समय वह चट्टान से गिर गए होंगे। राजेंद्र सिंह की मौत की खबर मिलते ही परिजन और जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचे। लोग प्रभावित परिवार को 50 लाख का मुआवजा और एक व्यक्ति को सरकारी नौकरी देने की मांग कर रहे हैं।

Srishti
Srishti