रसोई गैस की किल्लत से दून परेशान, घंटों लाइन में खड़े उपभोक्ता…

Gas Shortage Hits Dehradun : विश्व युद्ध का असर भारत में भी देखने को मिल रहा है। जिसके चलते देहरादून में रसोई गैस की कमी से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। शहर की कई गैस एजेंसियों और गोदामों पर सिलिंडर लेने के लिए उपभोक्ताओं की लंबी कतारें लग रही हैं, लेकिन इसके बावजूद सभी को गैस उपलब्ध नहीं हो पा रही है।

आपको बता दें, प्रशासन का दावा है कि गैस की आपूर्ति सुचारु रूप से जारी है और उपभोक्ताओं को घर तक डिलीवरी की जा रही है। वहीं, बुधवार को शहर के कई गोदामों और एजेंसियों पर सुबह से ही लोगों की भीड़ जुटी रही। कई उपभोक्ता मोबाइल के जरिए गैस बुकिंग कराने की कोशिश करते रहे, लेकिन अधिकांश लोग बुकिंग नहीं कर पाए। जिन उपभोक्ताओं की पहले से बुकिंग थी, वे भी अनिश्चितता के चलते एजेंसियों तक पहुंच गए।

नया गांव स्थित इंडेन गैस एजेंसी पर सुबह 8 बजे से ही लोगों की कतार लगनी शुरू हो गई, जो दोपहर तक बनी रही। यहां करीब 320 उपभोक्ताओं को सिलिंडर दिए गए, लेकिन स्टॉक खत्म होने के बाद करीब 60 से ज्यादा लोगों को बिना गैस के ही वापस लौटना पड़ा। इसी तरह का हाल शहर की अन्य एजेंसियों पर भी देखने को मिला।

उधर, पिछले कुछ दिनों से गैस बुकिंग में भी दिक्कत आ रही है। उपभोक्ताओं का कहना है कि बुकिंग नंबर पर कॉल करने के बावजूद फोन कनेक्ट नहीं हो रहा, जिससे लोग परेशान होकर सीधे एजेंसियों के चक्कर लगा रहे हैं।

व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की बढ़ी चिंता

घरेलू उपभोक्ताओं को सीमित मात्रा में गैस मिल रही है, लेकिन होटल, ढाबों और रेस्टोरेंट जैसे व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को सिलिंडर नहीं मिल पा रहे हैं। जिले में करीब 19 हजार से अधिक वाणिज्यिक गैस कनेक्शन हैं और हर महीने लगभग 40 हजार सिलिंडरों की खपत होती है। गैस की आपूर्ति प्रभावित होने से छोटे कारोबारियों को अपना काम बंद होने की चिंता सताने लगी है।

प्रशासन का बयान

जिला पूर्ति अधिकारी केके अग्रवाल के अनुसार जिले में गैस की आपूर्ति नियमित रूप से की जा रही है। उन्होंने कहा कि कुछ लोग अनावश्यक अफवाह फैलाने की कोशिश कर रहे हैं। उपभोक्ताओं को गैस बुक कर इंतजार करना चाहिए, एजेंसियां घर तक सिलिंडर पहुंचाएंगी। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि गैस की कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Srishti
Srishti