चारधाम यात्रा में बुजुर्ग और दिव्यांग श्रद्धालुओं को बड़ी राहत, अब बिना लंबी लाइन के होंगे दर्शन…

Good News For Senior Citizen Pilgrims : उत्तराखंड में चारधाम यात्रा के लिए आने वाले दिव्यांग श्रद्धालुओं और बुजुर्गों के लिए राहत भरी खबर सामने आ रही है। बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) ने दोनों धामों में सुगम दर्शन व्यवस्था लागू करने की तैयारी शुरू कर दी है। नई व्यवस्था के तहत अब दिव्यांग और वरिष्ठ नागरिकों को लंबी कतारों में इंतजार नहीं करना पड़ेगा। जिसका SOP भी तैयार कर लिया गया है।

बता दें, नई SOP के अनुसार  शारीरिक और मानसिक रूप से दिव्यांग श्रद्धालुओं तथा 70 वर्ष से अधिक आयु वाले बुजुर्गों को दर्शन से पहले मंदिर समिति के काउंटर पर पंजीकरण कराना अनिवार्य होगा। इसके साथ ही, बुजुर्ग श्रद्धालुओं को आधार कार्ड और दिव्यांग श्रद्धालुओं को दिव्यांगता प्रमाणपत्र प्रस्तुत करना होगा।

इसके अलावा बीकेटीसी की ओर से बदरीनाथ और केदारनाथ धाम में सुबह और शाम के समय आधे-आधे घंटे का विशेष स्लॉट निर्धारित किया जाएगा, जिसमें केवल दिव्यांग और बुजुर्ग श्रद्धालु दर्शन कर सकेंगे। समिति का कहना है कि इस व्यवस्था का उद्देश्य श्रद्धालुओं को अधिक सुविधा और सुरक्षित दर्शन उपलब्ध कराना है।

बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने बताया कि जल्द ही यह व्यवस्था पूरी तरह लागू कर दी जाएगी, जिससे दिव्यांग और वरिष्ठ नागरिकों को यात्रा के दौरान किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

वहीं, चारधाम यात्रा में श्रद्धालुओं का उत्साह लगातार बढ़ रहा है। अब तक 13.32 लाख से अधिक श्रद्धालु चारों धामों में दर्शन कर चुके हैं। आंकड़ों के अनुसार केदारनाथ धाम में 5.50 लाख, बदरीनाथ में 3.44 लाख, गंगोत्री में 2.18 लाख और यमुनोत्री में 2.20 लाख श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। प्रतिदिन औसतन 70 से 80 हजार श्रद्धालु यात्रा में पहुंच रहे हैं। I

Srishti
Srishti