Government Strict Action On Travel Agent : उत्तराखंड में चारधाम यात्रा जोरों शोरों से चल रही है। लेकिन ऋषिकेश में चारधाम यात्रा के दौरान लगातार तीर्थ यात्रियों से ज्यादा किराया वसूलने और नियमों के उल्लंघन शिकायतें सामने आ रही है। जिसको देखते हुए परिवहन विभाग ने सख्त कदम उठाए हैं।
आपको बता दें, परिवहन विभाग ने ट्रैवल एजेंटों को साफ चेतावनी दी है कि यदि तय नियमों का पालन नहीं किया तो उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। RTO रश्मि पंत द्वारा जारी निर्देशों में बताया गया है कि जांच के दौरान कई एजेंट अनधिकृत परिवहन गतिविधियों में शामिल पाए गए। कुछ मामलों में यात्रियों से तय किराये से अधिक राशि वसूली गई, जबकि कई वाहन बिना अनुमति संचालित होते मिले। इसके अलावा पर्वतीय मार्गों पर चालकों से लगातार लंबे समय तक वाहन चलवाने जैसी लापरवाही भी सामने आई है।
विभाग के अनुसार अब केवल चालान या वाहन सीज तक कार्रवाई सीमित नहीं रहेगी, बल्कि नियम तोड़ने वाले ट्रैवल एजेंटों पर सीधे सख्त प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी।
जारी किए गए प्रमुख निर्देश
- कार्यालय के बाहर लाइसेंस में दर्ज सभी वाहनों और चालकों की सूची लगाना अनिवार्य होगा।
- कर्मचारियों का पुलिस सत्यापन और पहचान पत्र की प्रतियां एआरटीओ कार्यालय में जमा करनी होंगी।
- वाहन किराया, चालक को दी जाने वाली राशि और एजेंट के कमीशन का पूरा रिकॉर्ड रजिस्टर में रखना होगा।
- चारधाम यात्रा से जुड़े सभी दिशा-निर्देशों और नियमावली का पालन जरूरी रहेगा।
- लंबी यात्राओं के दौरान वाहन चालकों को पर्याप्त आराम देना अनिवार्य होगा।
- ट्रैवल एजेंसी का संचालन केवल लाइसेंस में दर्ज नाम से ही किया जा सकेगा।
परिवहन विभाग ने साफ कहा है कि यात्रियों की सुविधा और उत्तराखंड की छवि बनाए रखने के लिए अब किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
