Heavy Rain Alert in Uttarakhand: उत्तराखंड के साथ ही मानसून नेए देश के राज्यों में दस्तक दी है। मानसून से पहले हुई प्री मानसून बारिश ने कई राज्यों में हाहाकार मचाया। उत्तराखंड में भी कई जगह पर प्री- मानसून बारिश आफत बनकर बरसी। IMD के अनुसार उत्तराखंड में 23 जून से मानसून आने की संभावना है। साथ ही मौसम विभाग ने 23 से 26 जून तक भारी बारिश की संभावना जताई है।
इन जिलों में तेज बारिश की आशंका
आपको बता दें, मौसम विभाग के अनुसार, 23 से 26 जून तक देहरादून और नैनीताल में ऑरेंज अलर्ट, जबकि पौड़ी, हरिद्वार, चंपावत, ऊधमसिंहनगर, बागेश्वर और अल्मोड़ा जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। साथ ही 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं।
बदलते मौसम को देखते हुए राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र ने संबंधित जिलों के जिलाधिकारियों को अलर्ट जारी कर सतर्कता बरतने को कहा है। वहीं भूस्खलन की आशंका वाले मार्गों पर आवश्यक उपकरण पहले से उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही, अधिकारियों को अपने तैनाती क्षेत्रों में ही रहने को कहा गया है। मौसम विभाग के अनुसार 28 जून तक पूरे राज्य में बारिश का यह सिलसिला जारी रह सकता है।

