23 मई से खुलेंगे हेमकुंड साहिब के कपाट, यात्रा की तैयारियां तेज….

Hemkund Sahib Kapat Opening Date : उत्तराखंड के पवित्र तीर्थस्थल हेमकुंड साहिब के कपाट इस साल 23 मई यानि शनिवार को श्रद्धालुओं के लिए खोले जाएंगे। हेमकुंड साहिब प्रबंधन ट्रस्ट के अध्यक्ष नरेंद्र जीत सिंह बिंद्रा ने मुख्य सचिव आनंदवर्धन से मुलाकात कर आगामी यात्रा सीजन की तैयारियों पर चर्चा की। साथ ही, मौसम की स्थिति और व्यवस्थाओं की समीक्षा के बाद कपाट खोलने की तारीख तय की गई।

आपको बता दें, हर साल हेमकुंड साहिब की यात्रा का संचालन ट्रस्ट राज्य सरकार के सहयोग से करता है। साथ ही, तीर्थयात्रियों की सुविधा के लिए हरिद्वार, ऋषिकेश, श्रीनगर, रतूड़ा, जोशीमठ, गोविंदघाट और घांघरिया स्थित धर्मशालाओं में निशुल्क ठहरने और भोजन की व्यवस्था की जाती है। वहीं हेमकुंड साहिब में श्रद्धालुओं के लिए लंगर की व्यवस्था भी रहती है, लेकिन अधिक ऊंचाई और सीमित संसाधनों के कारण यहां रात्रि विश्राम की अनुमति नहीं दी जाती।

साथ ही बता दें, इस साल कम बर्फबारी होने के चलते मौसम अपेक्षाकृत अनुकूल है, जिसके कारण यात्रा को पिछले वर्षों की तुलना में थोड़ा पहले शुरू करने का निर्णय लिया गया है। बैठक में मुख्य सचिव ने राज्य सरकार की ओर से हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाते हुए कहा कि चारधाम और हेमकुंड साहिब यात्रा आने वाले सभी श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षित और सुगम सुनिश्चित की जाएगी।

Srishti
Srishti