Home Guard Posts Open In Udham Singh Nagar : उधमसिंह नगर से होमगार्ड भर्ती को लेकर युवाओं के लिए अच्छी खबर सामने आ रही है। जहां जिला कमांडेंट होमगार्ड्स ने पुरुष होमगार्ड स्वयंसेवकों के लिए 76 खाली पदों पर भर्ती निकाली है। जिसकी आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है।
आपको बता दें, इच्छुक अभ्यर्थी 22 मई 2026 तक आवेदन पत्र जिला कमांडेंट कार्यालय, रुद्रपुर में स्वयं या डाक के जरिए जमा कर सकते हैं । इसके साथ ही, जिला कमांडेंट प्रतिमा ने जानकारी देते हुए बताया कि जिले में होमगार्ड के कुल 76 पदों पर भर्ती की जाएगी। इनमें 69 पद अनारक्षित वर्ग के लिए जबकि 7 पद आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) के अभ्यर्थियों के लिए आरक्षित रखे गए हैं।
उन्होंने बताया कि भर्ती प्रक्रिया में भूतपूर्व सैनिकों, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के आश्रितों, अनाथ बच्चों तथा राज्य आंदोलनकारियों को नियमानुसार क्षैतिज आरक्षण का लाभ भी दिया जाएगा।
साथ ही, भर्ती के लिए अभ्यर्थी का हाईस्कूल उत्तीर्ण होना अनिवार्य है। आयु सीमा 18 से 40 वर्ष निर्धारित की गई है। आरक्षित वर्गों को शासनादेश के अनुसार आयु सीमा में छूट दी जाएगी। साथ ही अभ्यर्थी का ऊधमसिंह नगर का स्थायी निवासी होना भी जरूरी होगा।
चयन प्रक्रिया के तहत अभ्यर्थियों की शारीरिक माप-तौल और दक्षता परीक्षा कराई जाएगी। सामान्य वर्ग के उम्मीदवारों के लिए न्यूनतम लंबाई 165 सेंटीमीटर निर्धारित की गई है। शारीरिक दक्षता परीक्षा में दो किलोमीटर दौड़, क्रिकेट बॉल थ्रो और लंबी कूद के अंकों को जोड़ा जाएगा। इसके अलावा एनसीसी प्रमाणपत्र, खेलकूद उपलब्धियों और ड्राइविंग लाइसेंस के आधार पर अतिरिक्त अंक भी दिए जाएंगे। इसके अलावा जिला कमांडेंट ने कहा कि भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी तरीके से संपन्न कराई जाएगी।
