IMD Issued Advisory For Heat Waves : उत्तराखंड में मौसम लगातार करवट ले रहा है। जिसके चलते राज्य में गर्मी का असर लगातार बढ़ रहा है जिसके कारण लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में राज्य के कई जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना जताई है। इसे देखते हुए राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र ने सभी जिलों को सतर्क रहने और आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए हैं।
आपको बता दें, प्रशासन की ओर से लोगों को दोपहर के समय घरों से बाहर कम निकलने और गर्मी से बचाव के उपाय अपनाने के लिए जागरूक किया। इसके साथ ही, स्वास्थ्य विभाग को भी हीट स्ट्रोक, डिहाइड्रेशन और अन्य गर्मी जनित बीमारियों से निपटने के लिए अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों में पर्याप्त सुविधाएं उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए हैं।
साथ ही पेयजल और बिजली आपूर्ति को सुचारु बनाए रखने, निर्माण स्थलों पर काम कर रहे श्रमिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और बच्चों, बुजुर्गों व बीमार लोगों का विशेष ध्यान रखने को कहा गया है।
अधिवक्ताओं को राहत
भीषण गर्मी के बीच देहरादून जिला न्यायालय के अधिवक्ताओं को भी राहत मिली है। अब वकील अदालत में बिना काला कोट पहने भी पेश हो सकेंगे। यह व्यवस्था आज यानी 19 मई से लागू कर दी गई है। बता दें, बार एसोसिएशन देहरादून ने बढ़ती गर्मी और उमस को देखते हुए जिला जज से कोट पहनने में अस्थायी छूट देने की मांग की थी। बार अध्यक्ष अनिल कुकरेती के अनुसार लंबे समय तक काला कोट पहनकर काम करने से अधिवक्ताओं को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था।
जिसके बाद मांग पर सहमति जताते हुए जिला जज ने निर्देश जारी किए कि अधिवक्ता ड्रेस कोड के अन्य नियमों का पालन करते हुए बिना काला कोट के भी अदालत में उपस्थित हो सकते हैं।आने वाले दिनों की बात करें तो मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहेगा, हालांकि 20 से 24 मई के बीच कुछ पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम बदल सकता है।
