IMD Issued Dense Fog Alert In Uttarakhand : उत्तराखंड में सर्द मौसम का असर लगातार बना हुआ है। मैदानी क्षेत्रों में घना कोहरा छाए रहने से ठंड का अहसास बढ़ गया है, जबकि पर्वतीय इलाकों में पाला पड़ने और शीतलहर चलने से तापमान और गिर गया है।
IMD के अनुसार मैदानी क्षेत्रों में 5 जनवरी को घना कोहरा छाए रहने का अनुमान जताया गया है। वहीं, घने कोहरे को लेकर देहरादून, हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर, नैनीताल, चम्पावत और पौड़ी जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। बता दें, कोहरे के कारण तापमान में गिरावट आने की संभावना है, जिससे ठंड और भी बढ़ सकती है।
साथ ही आने वाले दिनों में राज्यभर में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। हालांकि 6 जनवरी को ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बारिश के साथ बर्फबारी हो सकती है। इसके बाद 7 से 10 जनवरी तक मौसम के शुष्क बने रहने का अनुमान जताया गया है
मसूरी में बढ़ी ठिठुरन
मसूरी में बीते 2 दिनों से ठंड का असर बढ़ गया है। तापमान में लगातार कमी आ रही है। रविवार सुबह के समय हल्की धूप जरूर दिखाई दी, लेकिन दोपहर के बाद घने कोहरे ने पूरे शहर को ढक लिया। साथ ही ठंडी हवाओं के चलते लोगों को परेशानी झेलनी पड़ी। अधिकतम तापमान करीब तीन डिग्री तक नीचे चला गया।
इसके साथ ही, ठंड से बचने के लिए पर्यटक और स्थानीय लोग सार्वजनिक स्थानों पर अलाव का सहारा लेते नजर आए। नगर पालिका प्रशासन ने बताया कि ठंड को देखते हुए शहर में अलर्ट जारी है और विभिन्न जगहों पर अलाव जलाए जा रहे हैं।
