देहरादून समेत 8 जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी, 177 सड़कें बंद…

IMD Issued Heavy Rain Yellow Alert In 8 District : उत्तराखंड में फिलहाल बारिश की रफ्तार धीमी हुई है। इस बीच, मौसम विभाग ने शुक्रवार को पर्वतीय जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी करते हुए अलर्ट जारी किया है।

येलो अलर्ट जारी

आज यानी 12 सितंबर को सुबह से ही बादल छाए हुए हैं। वहीं मौसम विभाग ने उत्तराखंड के कई जिलों में भारी बारिश को देखते हुए अलर्ट जारी किया है। जिसमें देहरादून, उत्तरकाशी, चमोली, पौड़ी, बागेश्वर, नैनीताल, चंपावत और पिथौरागढ़ जिले के कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, अन्य जिलों में भी भारी बारिश के साथ-साथ आकाशीय बिजली चमकने और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है।

इसके अलावा आने वाले दिनों की बात करें तो मौसम विभाग द्वारा बताया गया है कि आगामी 17 सितंबर तक प्रदेश में भारी बारिश की आशंका जताई गई है।

सड़कें बुरी तरह प्रभावित

अत्यधिक बारिश की वजह से इस साल प्रदेश की कई सड़कें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुई हैं। जिनमें से कई सड़कें खुल चुकी हैं। वहीं, मलबा और भूस्खलन के कारण अभी 3 राष्ट्रीय राजमार्ग और 177 सड़कें बंद हैं।

जिलेवार स्थिति की बात करें तो पौड़ी में 12, टिहरी में 23, चमोली में 32, रुद्रप्रयाग में 25, उत्तरकाशी में 21, देहरादून में 16, हरिद्वार में 1, पिथौरागढ़ में 18, अल्मोड़ा में 16, बागेश्वर में 6, नैनीताल में 7 सड़कें बंद हैं। इसके साथ ही लोक निर्माण विभाग ने 671 जेसीबी बंद मार्गों को खोलने के लिए तैनात किए हैं ।

Aarti Rawat
Aarti Rawat