ऑरेंज अलर्ट के चलते प्रशासन सतर्क, डीएम ने व्यवस्थाओं का लिया जायजा…

IMD Issued Orange Alert : उत्तराखंड में मौसम लगातार करवट ले रहा है। जिसके चलते मौसम विभाग ने आगामी दो दिनों के लिए केदारनाथ धाम में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। अलर्ट जारी किए जाने के बाद से ही जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। संभावित खराब मौसम को ध्यान में रखते हुए सभी तैयारियों को दुरुस्त करने पर जोर दिया जा रहा है।

आपको बता दें, इसी के चलते जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र और यात्रा कंट्रोल रूम का अचानक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सीसीटीवी के जरिए यात्रा मार्गों, संवेदनशील क्षेत्रों और मौसम से जुड़ी निगरानी व्यवस्था की समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निगरानी प्रणाली और सूचना तंत्र को और प्रभावी बनाया जाए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई संभव हो सके। उन्होंने यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए 24 घंटे सतर्क रहने के निर्देश दिए।

इसके अलावा, जिलाधिकारी ने एसओएस कॉल सेंटर की कार्यप्रणाली का भी आकलन किया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सूचना का आदान-प्रदान तेज, सटीक और व्यवस्थित होना चाहिए, जिससे किसी भी आपदा या आपात स्थिति में तुरंत प्रतिक्रिया दी जा सके। अधिकारियों को हर सूचना पर तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

Srishti
Srishti