Independence Day 2025 : भारत का स्वतंत्रता दिवस हर वर्ष 15 अगस्त को बड़े ही उत्साह और गर्व के साथ मनाया जाता है। यह दिन हमारे देश के इतिहास का सबसे महत्वपूर्ण दिन है, क्योंकि इसी दिन 1947 में हमारा देश अंग्रेज़ों की गुलामी से आज़ाद हुआ था। स्वतंत्रता दिवस के लिए पूरे देश में हर जगह तैयारी देखने को मिलती है। राजधानी दिल्ली में इस कार्यक्रम के लिए सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम किए जाते हैं।
क्यों मनाया जाता है
इस वर्ष भारत का 79वां स्वतंत्रता दिवस मनाया जाएगा। 15 अगस्त 1947 में भारत को अंग्रेज़ों की 200 से अधिक वर्षों की गुलामी से आज़ादी मिली थी। यह दिन हमें उन वीर स्वतंत्रता सेनानियों के साहस, संघर्ष और बलिदान की याद दिलाता है, जिन्होंने देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सब कुछ न्यौछावर कर दिया। स्वतंत्रता दिवस मनाने का उद्देश्य केवल आज़ादी का जश्न मनाना नहीं, बल्कि उस लंबी लड़ाई और संघर्ष को याद करना है, जिसने हमें आज़ादी दिलाई।
कैसे मनाया जाता है
इस दिन देशभर में राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाता है। लाल क़िले पर प्रधानमंत्री तिरंगा फहराकर देश को संबोधित करते हैं। वहीं, स्कूलों और कॉलेजों में बच्चों द्वारा देशभक्ति गीत, कविताएं और नृत्य प्रस्तुत किए जाएंगे। इस दिन देशभर में ध्वजारोहण, परेड और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। इस दिन लोग देशभक्ति के गीत गाकर, कविताएँ पढ़कर और परेड निकालकर, एक-दूसरे को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हैं और तिरंगे के रंग में देशभक्ति का माहौल बना रहता है।
स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव का दिन नहीं, बल्कि हमें अपनी ज़िम्मेदारियों का एहसास कराने का अवसर भी है। हमें एकजुट होकर देश की प्रगति, एकता और शांति के लिए काम करना चाहिए, ताकि आने वाली पीढ़ियाँ भी गर्व से कह सकें— “सारे जहाँ से अच्छा, हिन्दोस्ताँ हमारा।”

