Jharkhand Government cancels JSSC-CGL exam : झारखंड में चल रहे 24 दिनों से चल रहे छात्र आंदोलन के बीच झारखंड सरकार ने प्रदर्शनकारी छात्रों की सबसे बड़ी मांगे मानते हुए साल 2024 में आयोजित के JSSC-CGL परीक्षा को रद्द करने का फैसला किया है। यह निर्णय बीते सोमवार यानी 17 अगस्त को झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट की विशेष बैठक में करीब साढ़े चार घंटे की चर्चा के बाद लिया गया।
छोटी बड़ी सभी गलतियां की होगी जांच – सीएम हेमंत सोरेन
जिसके बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मीडिया को संबोधित करते हुए इसकी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि 14वीं JPSC PT और बैकलॉग सिविल सर्विस परीक्षा रद्द करने का निर्णय पूर्व में ही आंदोलित छात्रों के साथ वार्ता के दौरान लिया जा चुका है। उन्होंने कहा कि सरकार ने अब साल 2014 से लेकर वर्तमान समय तक GPSC और JSSC की ओर से आयोजित भर्ती परीक्षाओं की व्यापक जांच करने का फैसला किया है। वहीं 2014 से जितनी भी छोटी बड़ी गलतियां हुई है सभी की जांच होगी।
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि TDPL की ओर से प्रकाशित रिजल्ट और टीडीपीएल की सभी गतिविधियां रद्द की जाती हैं । मुख्यमंत्री ने कहा कि परीक्षा सुधार के लिए आईएएस अधिकारी अमिताभ कौशल की अध्यक्षता में एक समिति गठित करने का निर्णय लिया गया है। समिति परीक्षा प्रणाली में जरूरी सुधारों का अध्ययन करेगी और आवश्यक सुझाव देगी। इसके अलावा सरकार ने राज्य के लोगों से भी परीक्षा सुधार को लेकर सुझाव मांगे हैं। इसके लिए ऑनलाइन पोर्टल पर सुझाव देने की व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि सरकार चाहती है कि नई परीक्षा व्यवस्था ऐसी हो, जिसमें किसी भी स्तर पर गड़बड़ी की गुंजाइश नहीं रहे। परीक्षा संचालन से लेकर प्रश्नपत्र की सुरक्षा, एजेंसियों की भूमिका, मूल्यांकन और परिणाम तक पूरी प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी बनाया जाएगा।
TDPL को दी गई थी JPSC परीक्षाओं के आयोजन की जिम्मेदारी
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने छात्र हितों को ध्यान में रखते हुए मजबूत कानून बनाया है और उसे लागू करने की क्षमता भी रखती है। उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं के हित, उनके भविष्य और उनके विश्वास को किसी भी परिस्थिति में डगमगाने नहीं देना चाहती। मुख्यमंत्री ने कहा कि आंदोलन के दौरान मंत्रियों के साथ छात्रों की पहले हुई बैठकों में परीक्षा सुधार से जुड़े कई मुद्दों पर सहमति बनी थी। सरकार परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता लाने के लिए उन सहमत बिंदुओं को लागू करेगी।
आपको बता दे TDPL को JPSC की करीब 10 प्रमुख परीक्षाओं के आयोजन की जिम्मेदारी दी गई थी। इनमें सिविल सेवा PT व मुख्य परीक्षा, सिविल जज, APP, इंस्पेक्टर ऑफ फैक्ट्रीज, प्रोजेक्ट मैनेजर, बॉयलर इंस्पेक्टर और JET जैसी परीक्षाएं शामिल हैं। इसके साथ ही TDPL को JSSC की भी पांच अहम परीक्षाओं का काम सौंपा गया था। इनमें JGGLCCE, तकनीकी/विशिष्ट स्नातक स्तरीय परीक्षा, फील्ड वर्कर, वनरक्षक और PGT शिक्षक भर्ती परीक्षा शामिल हैं।
