भैया दूज के पावन अवसर पर केदारनाथ और यमुनोत्री धाम के कपाट शीतकाल के लिए हुए बंद…

Kedarnath Dham door have been closed : उत्तराखंड के रूद्रप्रयाग जिले में स्थित विश्व प्रसिद्ध केदारनाथ धाम के कपाट आज, बुधवार 11 नवंबर 2026 को भैया दूज के पावन अवसर पर शीतकाल के लिए विधिवत बंद कर दिए गए हैं। वैदिक मंत्रोच्चार और पारंपरिक अनुष्ठानों के बाद सुबह 8:30 बजे मंदिर के मुख्य द्वार अगले छह महीनों के लिए बंद हुए। कपाट बंद करने की धार्मिक प्रक्रिया तड़के सुबह 4:00 बजे शुरू हुई।

वहीं मुख्य पुजारी द्वारा गर्भगृह में बाबा केदार के स्वयंभू शिवलिंग को भस्म और सूखे मेवों से ढककर ‘समाधि पूजा’ की गई। इसके बाद सुबह 6:00 बजे गर्भगृह और 8:30 बजे मुख्य द्वार को बंद किया गया। इस ऐतिहासिक पल के साक्षी बनने के लिए 5 हजार से अधिक श्रद्धालु धाम में मौजूद रहे। इस अवसर पर भारतीय सेना के बैंड की भक्तिमय धुनों और ‘जय बाबा केदार’ के जयकारों से पूरी केदारपुरी गूंज उठी।

कपाट बंद होने के तुरंत बाद बाबा केदार की पंचमुखी चल विग्रह उत्सव डोली अपने शीतकालीन प्रवास स्थल ओंकारेश्वर मंदिर, ऊखीमठ के लिए रवाना हो गई है। डोली आज रामपुर में रात्रि विश्राम करेगी, 12 नवंबर को गुप्तकाशी पहुंचेगी और 13 नवंबर को ऊखीमठ में विराजमान होगी। अगले छह महीने तक श्रद्धालु यहीं बाबा के दर्शन कर सकेंगे। इस वर्ष 22 अप्रैल 2026 को धाम के कपाट खुले थे। पूरे यात्रा सीजन के दौरान 19.20 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने बाबा केदार के दर्शन किए।

वहीं बीते 10 नवंबर को गंगोत्री धाम और आज 11 नवंबर भैया दूज पर यमुनोत्री मंदिर के कपाट वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। तय मुहूर्त के अनुसार सुबह 10 बजकर 28 मिनट पर मंदिर के कपाट बंद हुए।

इस दौरान पूरा धाम मां यमुना के जयकारों से गूंज उठा। कपाट बंद होने के बाद मां यमुना की उत्सव मूर्ति को डोली यात्रा के साथ उनके शीतकालीन प्रवास स्थल खरसाली गांव के लिए रवाना किया गया। अब अगले छह माह तक श्रद्धालु खरसाली गांव स्थित यमुना मंदिर में मां के दर्शन कर सकेंगे। चारधाम यात्रा के अंतिम चरण में अब श्री बदरीनाथ धाम के कपाट 16 नवंबर 2026 को शीतकाल के लिए बंद किए जाएंगे।

पढ़े – Gangotri Dham के कपाट आज होंगे बंद, 5 क्विंटल फूलों से हुआ भव्य श्रृंगार जानें अब कहां कर सकेंगे मां गंगा के दर्शन…

Aarti Rawat
Aarti Rawat