Landslide wreaks havoc Tehri Garhwal : उत्तराखंड में लगातार बारिश के चलते भूस्खलन की खबरे सामने आ रही है। ऐसे ही एक खबर टिहरी गढ़वाल से सामने आ रही है जहां सुरकंडा के पास कद्दूखाल में भूस्खलन के चलते रेस्टोरेंट से सटा एक पुराना भवन ताश के पत्तों की तरह ढह गया।
बता दे बीते शाम बुधवार यानी 8 जुलाई को राष्ट्रीय राजमार्ग-707ए चम्बा-मसूरी हाइवे पर सुरकंडा के पास कद्दूखाल में भूस्खलन के चलते दो रेस्टोरेंट खतरे की जद में आ गए। सावधानी के तौर पर दोनों रेस्टोरेंट, आसपास के खोखे और श्रमिकों की झुग्गियों को खाली करा दिया गया। वहीं, भूस्खलन में एक पुराना खाली भवन भी क्षतिग्रस्त हो गया।
लैंडसलाइड का यह मंजर बेहद खतरनाक
लैंडसलाइड का यह मंजर बेहद खतरनाक और डरावना था मकान देखते ही देखते ताश के पत्तो की तरह ढह गया। मकान के साथ पानी की प्लास्टिक की कई सारी टंकियां भी नीचे जा गिरीं। जैसे ही मकान ढहा, उससे ऊपर की तरफ सटाकर बनाए गए भवन पर भी खतरा मंडराने लगा। उस भवन की नींव भी खाली हो चुकी है और ये भवन भी कभी भी ढह सकता है।
वहीं जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी बृजेश भट्ट ने बताया कि सुरक्षा के मद्देनजर प्रभावित क्षेत्र को तत्काल खाली कराया गया है। जांच में पाया गया कि एक व्यक्ति द्वारा होटल निर्माण के लिए कराई जा रही खोदाई के कारण पहाड़ी का हिस्सा दरक गया, जिससे भूस्खलन हुआ। मामले की जांच की जा रही है।
