Memorials to be built to commemorate 4 martyrs :उत्तराखंड धामी सरकार ने देश की रक्षा में अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले राज्य के 4 वीर शहीदों के सम्मान में एक बड़ा फैसला लिया है। इन चार अमर शहीदों की स्मृति को चिरस्थायी बनाए रखने के लिए उनके पैतृक गांवों में शहीद स्मारक और शहीद द्वार बनाए जाएंगे। जिसके निर्माण को लेकर सरकार ने प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति दे दी है। वहीं, सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी का कहना है कि ये निर्माण आने वाली पीढ़ियों के लिए देशभक्ति और प्रेरणा के स्थायी केंद्र बनेंगे।
उत्तराखंड में धामी सरकार ने शहीदों के सम्मान और उनके सर्वोच्च बलिदान को स्मरणीय बनाए रखने के लिए यह अहम निर्णय लिया है। वहीं सीएम धामी के निर्देशों के बाद शासन स्तर पर इसके लिए बजट और आधिकारिक मंजूरी जारी कर दी गई है। सरकार के इस फैसले के बाद शहीदों के परिवारों और उनके गृह क्षेत्रों में खुशी की लहर है। शासन के आदेशानुसार पौड़ी और टिहरी गढ़वाल के चार शहीदों के पैतृक गांवों में स्मारकों का निर्माण होगा।
इन 4 वीर सपूतों के गांवों में होगा निर्माण
- शहीद विनोद पाल सिंह (CRPF): कैपर्स बारसार, बालगंगा (टिहरी गढ़वाल) में स्मारक व द्वार।
- शहीद अमित कुमार अग्रवाल (पैराट्रूपर): कोला-सिल्डी, कल्जीखाल (पौड़ी गढ़वाल) में शहीद द्वार।
- शहीद भरत सिंह (नायक, CRPF): बूंगा मल्ला, लैंसडाउन (पौड़ी गढ़वाल) में शहीद स्मारक।
- भारत-तिब्बत सीमा पुलिस के शहीद सहायक उपनिरीक्षक राजेंद्र सिंह (ASI, ITBP): कोटी, देवप्रयाग (टिहरी गढ़वाल) में शहीद स्मारक।
वहीं सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि सीएम पुष्कर धामी के कुशल नेतृत्व में राज्य सरकार सैनिकों, पूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों के हित में लगातार ऐतिहासिक निर्णय ले रही है। ‘उत्तराखंड देवभूमि के साथ ‘वीर भूमि’ भी है। यहां ‘सैन्य धाम’ भी बनाया जा रहा है।
