NCERT Adds Ayurveda Lessons Science Syllabus : NCRT ने स्कूल शिक्षा में एक बड़ा कदम उठाते हुए कक्षा 6 से 8 तक की साइंस पुस्तकों में आयुर्वेद से जुड़ी नई जानकारियां जोड़ी हैं। यह बदलाव राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) 2020 के तहत भारतीय ज्ञान प्रणाली को आधुनिक शिक्षा से जोड़ने की दिशा में किया गया है।
एनसीईआरटी के निदेशक दिनेश प्रसाद सकलानी के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य छात्रों को केवल वैज्ञानिक तथ्यों से नहीं, बल्कि शारीरिक और मानसिक संतुलन के सिद्धांतों से भी अवगत कराना है।
नई किताबों में कक्षा 6 के विद्यार्थियों को “Classification of Matter” के साथ आयुर्वेद के 20 गुणों जैसे गरम–ठंडा, हल्का–भारी, सूखा–गीला आदि के बारे में जानकारी दी जाएगी। वहीं, कक्षा 8 की किताब में “आयुर्वेद: शरीर, मन और पर्यावरण का संतुलन” नामक एक नया अध्याय जोड़ा गया है, जिसमें दिनचर्या (दैनिक नियम) और ऋतुचर्या (मौसमी जीवनशैली) जैसे विषयों को शामिल किया गया है।
यह बदलाव छात्रों में भारत की वैज्ञानिक परंपरा और स्वास्थ्य की समझ को मजबूत करने की दिशा में एक शुरुआती प्रयास है। वहीं, आगे चलकर उच्च शिक्षा स्तर पर भी आयुर्वेद से संबंधित विषयों को जोड़े जाने पर विचार किया जा रहा है।
