सोशल मीडिया रील्स पर प्रतिबंध, हरकी पैड़ी में लागू हुए नए नियम…

New Guidelines Issued For Har Ki Pauri : उत्तराखंड में हरिद्वार के प्रसिद्ध तीर्थस्थल हरकी पैड़ी पर धार्मिक गरिमा बनाए रखने के लिए प्रशासन ने सख्त व्यवस्थाएं लागू की गई हैं। जिसके चलते क्षेत्र में सूचना बोर्ड लगाए गए हैं, जिनमें अहिंदुओं के प्रवेश पर प्रतिबंध बताया गया है। साथ ही हरकी पैड़ी और मालवीय द्वीप क्षेत्र में ड्रोन उड़ाने पर भी रोक लगा दी गई है।

आपको बता दें, श्रीगंगा सभा ने तीर्थस्थल की मर्यादा का हवाला देते हुए यहां फिल्मी गानों पर वीडियो या रील बनाने पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया है। सभा ने चेतावनी दी है कि यदि कोई व्यक्ति इस प्रकार की सामग्री सोशल मीडिया पर प्रसारित करता पाया गया, तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

यह कदम हाल ही में सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो के बाद उठाया गया है। वीडियो में दो युवक अलग वेशभूषा में हरकी पैड़ी के घाटों पर घूमते नजर आए थे, जिसके बाद तीर्थ पुरोहितों में नाराजगी देखी गई। पुरोहितों का कहना है कि इस तरह की गतिविधियां धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाती हैं और तीर्थस्थल के माहौल को प्रभावित कर सकती हैं।

बताया जा रहा है कि वायरल वीडियो में दिखाई देने वाले युवक स्वयं को विदेश निवासी बता रहे थे। मामले को गंभीरता से लेते हुए श्रीगंगा सभा ने इसकी सूचना पुलिस प्रशासन को दी। सभा के महामंत्री तन्मय वशिष्ठ ने कहा कि इस तरह की गतिविधियां जानबूझकर माहौल बिगाड़ने के इरादे से की जा रही हैं।

वहीं, शहर कोतवाली पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है। कोतवाली प्रभारी रितेश शाह के अनुसार वीडियो में नजर आ रहे युवकों की पहचान की जा रही है और जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Srishti
Srishti