Nikay Chunav Election Campaign: 21 जनवरी, मंगलवार शाम 5 बजे से प्रदेश के नगर निकायों में चुनाव प्रचार अभियान समाप्त हो जाएगा। इसके बाद प्रत्याशी केवल घर-घर जाकर लोगों से मिल सकते हैं और समर्थन मांग सकते हैं।
मतदान और प्रत्याशी
प्रदेश में आज शाम 5 बजे से चुनाव प्रचार अभियान बंद हो जाएंगे । मतदान से ठीक 48 घंटे पहले चुनाव प्रचार बंद कर दिया जाएगा, और प्रत्याशी केवल डोर-टू-डोर प्रचार कर सकेंगे। राज्य निर्वाचन आयुक्त सुशील कुमार ने बताया कि 100 नगर निकायों में कुल 30,29,000 मतदाता 23 जनवरी को अपने मताधिकार का प्रयोग कर प्रत्याशियों का चुनावी भाग्य तय करेंगे।
11 नगर निगमों में मेयर पद के लिए 72 प्रत्याशी, 89 नगर पालिका और नगर पंचायतों में अध्यक्ष पद के लिए 445 प्रत्याशी, और सभी निकायों में पार्षद/वार्ड सदस्य पद के लिए 4888 प्रत्याशी मैदान में हैं।
आपको बता दें, मतदान के लिए कुल 1515 मतदान केंद्र और 3394 मतदेय स्थल बनाए गए हैं। सभी केंद्रों पर पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
प्रशिक्षण और तैनाती
प्रदेश में 23 जनवरी चुनाव के लिए तैयारियां जोरों शोरों से की जा रही हैं। चुनाव प्रक्रिया के लिए 16,284 कार्मिक और 25,800 सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं। पोलिंग पार्टियों के आवागमन के लिए 846 हल्के और 572 भारी वाहन लगाए गए हैं। साथ ही, चुनाव प्रक्रिया की सख्त निगरानी के लिए कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। निर्वाचन आयोग ने स्पष्ट किया है कि किसी भी तरह की गड़बड़ी या लापरवाही को सहन नहीं किया जाएगा।