One Year Of UCC In Uttarakhand : उत्तराखंड में 27 जनवरी को UCC लागू हुए पूरा 1 साल हो गया है। इस अवसर पर देहरादून में समारोह आयोजित किया गया। जिसमें उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शिरकत की।
इस समारोह में सीएम धामी ने कहा कि उत्तराखंड ने यूनिफॉर्म सिविल कोड लागू कर देश को नई दिशा दी है और सामाजिक न्याय व समानता की सोच को जमीन पर उतारा है। साथ ही, यूसीसी लागू होने के बाद देश के अलग-अलग हिस्सों में उनसे इसके पीछे की सोच के बारे में सवाल किए जाते हैं। उनका स्पष्ट मानना है कि स्वतंत्रता के बाद जिन सुधारों की आवश्यकता थी, उनमें समान नागरिक कानून भी शामिल था। उन्होंने इसे समय की मांग बताते हुए ऐतिहासिक निर्णय करार दिया।
इसके अलावा सीएम धामी ने कहा कि भारतीय संस्कृति समानता के मूल्यों पर आधारित रही है। गीता के श्लोक का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि सभी को समान दृष्टि से देखने का भाव हमारी परंपरा और संविधान दोनों में ही है। इसी सोच के तहत संविधान के अनुच्छेद 44 में समान कानून की अवधारणा रखी गई थी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि यूसीसी लागू हुए एक वर्ष पूरे होने पर राज्यभर में यूसीसी दिवस मनाया जा रहा है। इस दौरान शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता अभियान, जनसंवाद कार्यक्रम और महिला सशक्तीकरण से जुड़े आयोजन किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यूनिफॉर्म सिविल कोड सामाजिक समानता को मजबूत करने के साथ-साथ नागरिकों के अधिकारों की रक्षा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
