Online Registration Begins For Char Dham Yatra : उत्तराखंड में चारधाम यात्रा 19 अप्रैल से शुरू होने जा रही है। जिसके लिए सरकार ने श्रद्धालुओं का ऑनलाइन पंजीकरण शुक्रवार यानी आज से शुरू कर दिया है। राज्य पर्यटन विभाग ने चारधाम के लिए सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली हैं।
आपको बता दें, चारधाम यात्रा के लिए श्रद्धालु वेबसाइट और मोबाइल एप के माध्यम से अपना रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं । पर्यटन सचिव अनुसार इस वर्ष चारधाम यात्रा 19 अप्रैल से शुरू होने जा रही है। यात्रा के दौरान केदारनाथ मंदिर के कपाट 22 अप्रैल को और बदरीनाथ मंदिर के कपाट 23 अप्रैल को श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए खोले जाएंगे। वहीं हर साल की तरह इस साल भी यात्रा में शामिल होने के लिए पंजीकरण अनिवार्य है।
ऑनलाइन पंजीकरण
पर्यटन विभाग ने बताया कि श्रद्धालु 6 मार्च से आधिकारिक पोर्टल registrationandtouristcare.uk.gov.in और मोबाइल एप Tourist Care Uttarakhand पर जाकर ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं। भारतीय नागरिक आधार कार्ड के माध्यम से पंजीकरण करेंगे, जबकि विदेशी श्रद्धालुओं को ई-मेल आईडी के जरिए रजिस्ट्रेशन की सुविधा दी गई है।
ऑफलाइन पंजीकरण
इसके अलावा, ऑफलाइन पंजीकरण की व्यवस्था भी की गई है, जो 17 अप्रैल से शुरू होगी। इसके लिए ऋषिकेश, हरिद्वार के ऋषिकुल मैदान और विकासनगर में पंजीकरण काउंटर स्थापित किए जाएंगे।
यात्रियों की सहायता के लिए पर्यटन विभाग ने 24 घंटे चलने वाला टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 0135-1364 भी जारी किया है, जिस पर श्रद्धालु यात्रा से जुड़ी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
