उत्तराखंड की रजत यात्रा पर राष्ट्रपति मुर्मू ने दिया गर्व और प्रेरणा का संदेश…

President Murmu hails Uttarakhand’s Progress : उत्तराखंड की स्थापना के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित विधानसभा के दो दिवसीय विशेष सत्र की शुरुआत सोमवार से हो गई है। सत्र के लिए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू भी आज सुबह देहरादून पहुंची। विधानसभा परिसर पहुंचते ही उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इस मौके पर राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गुरमीत सिंह, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण सहित मंत्री एवं विधायक उपस्थित रहे।

उत्तराखंड ने की प्रभावशाली प्रगति

इस अवसर पर राष्ट्रपति मुर्मू ने अपने संबोधन में कहा कि राज्य गठन के 25 वर्ष पूरे होना उत्तराखंड की जनता के परिश्रम और संकल्प का परिणाम है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2000 में अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में बने इस राज्य ने शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन, ऊर्जा और पर्यावरण जैसे क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं।

उन्होंने महिला सशक्तीकरण के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि राज्य में साक्षरता दर बढ़ी है, मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी आई है और महिलाओं की शिक्षा व भागीदारी लगातार बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि सुशीला बलूनी, बचेंद्री पाल, गौरा देवी, राधा भट्ट और वंदना कटारिया जैसी महिलाओं ने उत्तराखंड को गौरवान्वित किया है।

पहली महिला विधानसभा अध्यक्ष पर जताया गर्व

साथ ही, राष्ट्रपति ने कहा कि ऋतु खंडूड़ी भूषण के विधानसभा अध्यक्ष बनने से उत्तराखंड ने एक नई मिसाल कायम की है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले वर्षों में विधानसभा में महिलाओं की संख्या और बढ़ेगी।

इसके अलावा राष्ट्रपति मुर्मू ने उत्तराखंड की आध्यात्मिक और वीर परंपरा का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि कुमाऊं और गढ़वाल रेजीमेंट की शौर्य गाथा देश के लिए प्रेरणा स्रोत है।

विधानसभा परिसर बना जीरो जोन

इस अवसर पर विधानसभा परिसर और आसपास के इलाकों में सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए थे। राष्ट्रपति के आगमन को देखते हुए क्षेत्र को जीरो जोन घोषित किया गया।

Srishti
Srishti