Price Increase In LPG Cylinders : घरेलू गैस उपभोक्ताओं के लिए एक बड़ी खबर सामने आई है। तेल कंपनियों ने देहरादून में 14.2 किलोग्राम के घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत में 68 रुपये की बढ़ोतरी की है। यह नई दरें तत्काल प्रभाव से लागू हो गई हैं।
आपको बता दें, पहले यह सिलेंडर 872 रुपये में उपलब्ध था, जबकि अब इसकी कीमत बढ़कर 940 रुपये हो गई है। वहीं, कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत में भी करीब 150 रुपये का इजाफा हुआ है। पहले 1850 रुपये में मिलने वाला कमर्शियल सिलेंडर अब लगभग 2000 रुपये में मिलेगा।
इसके साथ ही, जिला पूर्ति अधिकारी केके अग्रवाल ने बताया कि फिलहाल पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि जिले में गैस, पेट्रोल और डीजल की पर्याप्त आपूर्ति मौजूद है और उपभोक्ताओं को घबराने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि पश्चिम एशिया में जारी युद्ध का स्थानीय आपूर्ति व्यवस्था पर कोई असर नहीं पड़ा है। वहीं, गुरुवार को किसी कारण से कमर्शियल सिलेंडर की आपूर्ति प्रभावित हुई थी, लेकिन शनिवार तक स्थिति सामान्य हो गई है।
