हर-हर महादेव के जयकारों के बीच खुले रुद्रनाथ मंदिर के कपाट, शुरू हुई पवित्र यात्रा….

Rudranath Temple Kapat Opened For Devotees : उत्तराखंड के विश्व प्रसिद्ध चतुर्थ केदार रुद्रनाथ मंदिर के कपाट आज श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ खोल दिए गए। कपाट खुलते ही मंदिर परिसर “हर-हर महादेव” और “जय बाबा रुद्रनाथ” के जयघोष से गूंज उठा। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे और भगवान शिव के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।

आपको बता दें, पंचकेदारों में विशेष महत्व रखने वाले रुद्रनाथ धाम में भगवान शिव के एकानन यानी मुख स्वरूप की पूजा की जाती है। हिमालय की ऊंची चोटियों के बीच स्थित यह धाम अपनी आध्यात्मिक आभा, प्राकृतिक सुंदरता और दिव्यता के लिए देश-विदेश में प्रसिद्ध है।

कपाट खुलने के साथ ही अब अगले छह महीनों तक मंदिर में नियमित पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठान संपन्न किए जाएंगे। श्रद्धालुओं की आवाजाही भी शुरू हो गई है।

रुद्रनाथ यात्रा अपने दुर्गम लेकिन रोमांचकारी पैदल मार्ग के लिए भी जानी जाती है। पहाड़ों और बुग्यालों से होकर गुजरने वाला यह मार्ग श्रद्धालुओं को आस्था और प्रकृति के अद्भुत संगम का अनुभव कराता है। कपाट खुलने के साथ ही इस वर्ष की पवित्र रुद्रनाथ यात्रा का भी विधिवत शुभारंभ हो गया है।

Srishti
Srishti