कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या के पति और भतीजे को SIT ने झांसी से पकड़ा…

SIT has apprehended the husband: उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या से जुड़े मामले में एसआईटी (SIT) को बड़ी सफलता मिली है। मंत्री की शिकायत पर दर्ज मुकदमे में फरार चल रहे उनके पति गिरधारी लाल साहू को उत्तर प्रदेश के झांसी से गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं, इस मामले में उनके भतीजे सतेंद्र राठौर को भी उत्तर प्रदेश के बरेली से गिरफ्तार किया गया है। दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की नौ सदस्यीय एसआईटी लगातार दबिश दे रही थी। करीब तीन सप्ताह से फरार चल रहे आरोपियों को पुलिस ने शुक्रवार को गिरफ्तार किया।

पुलिस के मुताबिक, रेखा आर्या ने 15 अक्टूबर को देहरादून के कैंट थाने में अपने पति के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में उन्होंने मारपीट, धोखाधड़ी, जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करने, धमकी देने और हत्या की साजिश रचने जैसे गंभीर आरोप लगाए थे। इसके अलावा, मंत्री ने आरोप लगाया कि उनके पति ने कथित तौर पर फर्जी हस्ताक्षर और दस्तावेज तैयार कर उन्हें चार कंपनियों के निदेशक पद से हटा दिया और उनकी जगह अपने भतीजे सतेंद्र राठौर को निदेशक बना दिया।

एसआईटी की जांच में चार कंपनियों के दस्तावेजों में कथित हेरफेर का मामला भी सामने आया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने फर्जी दस्तावेजों के जरिए रेखा आर्या को कंपनियों के निदेशक पद से हटाकर आर्थिक लाभ लेने की कोशिश की। मामले की जांच एसपी ग्रामीण जया बलोनी के नेतृत्व में की जा रही थी। पुलिस ने बताया कि गिरधारी लाल साहू के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों को देहरादून लाया गया और अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

वहीं, गिरफ्तारी के बाद गिरधारी लाल साहू ने खुद को निर्दोष बताया और पत्नी की ओर से लगाए गए आरोपों को खारिज किया। इससे पहले उन्होंने सोशल मीडिया पर जारी वीडियो में ऑडियो रिकॉर्डिंग को एआई से तैयार किया गया बताया था। दूसरी ओर, रेखा आर्या ने अपनी शिकायत में पति पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं। फिलहाल पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है और अधिकारियों के मुताबिक जांच के दौरान अन्य लोगों की भूमिका भी सामने आने पर कार्रवाई की जा सकती है।

Aarti Rawat
Aarti Rawat