HNBGU : गढ़वाल विवि में छात्रसंघ चुनाव शुरू, शाम तक घोषित होंगे परिणाम…

Student Union Elections Begin at HNBGU : हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय (HNBGU) में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए छात्रसंघ चुनाव के तहत आज, 11 सितंबर 2026 को मतदान की प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से शुरू हो गई है। इसके लिए 14 बूथों पर कुल 8776 छात्र-छात्राएं अपने मत का प्रयोग कर रहे है। विश्वविद्यालय प्रशासन और स्थानीय पुलिस की भारी मौजूदगी के बीच सुबह 8:00 बजे से ही छात्र-छात्राएं कतारों में खड़े होकर अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं।

मुख्य चुनाव अधिकारी के अनुसार, दोपहर बाद से ही मतों की गिनती शुरू कर दी जाएगी और देर शाम पांच बजे बाद चुनाव परिणाम घोषित होने की संभावना है।
वहीं इस बार का छात्रसंघ चुनाव त्रिकोणीय और बेहद दिलचस्प मोड़ पर पहुंच गया है, जहां विभिन्न छात्र संगठनों के बीच सीधी और कड़ी टक्कर देखी जा रही है।

छात्र संगठनों के बीच कड़ी टकर

गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय (HNBGU) के मुख्य बिड़ला परिसर में छात्रसंघ चुनाव में अध्यक्ष पद (President) के लिए मुख्य मुकाबला ABVP के भुवन चमोली और ‘जय हो’ छात्र संगठन के पीएचडी छात्र हिमांशु भंडारी के बीच माना जा रहा है। वहीं Vice President के पद पर ‘छात्रम’ संगठन के पुलकित अग्रवाल और ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) की प्रीति वर्मा आमने-सामने हैं।

सचिव (महासचिव) पद पर NSUI से मयंक बहुगुणा और Aryan छात्र संगठन से पंकज फरस्वाण के बीच सीधा और कड़ा मुकाबला बना हुआ है। वहीं विश्वविद्यालय प्रतिनिधि एबीवीपी से अंशुमन श्रीवास्तव और आइसा से युवराज सिंह के बीच मुख्य दावेदारी है।

मुख्य चुनावी मुद्दे की बात करे तो बता दे इस साल छात्र संगठनों द्वारा कैंपस की बुनियादी सुविधाएं, 24 घंटे लाइब्रेरी, हॉस्टल, छात्राओं की सुरक्षा, फीस वृद्धि का विरोध और कैंपस वेटेज जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों को लेकर चुनाव प्रचार किया गया है।

कड़े सुरक्षा इंतजाम और नियम

वहीं संभावित झड़पों और हुड़दंग को रोकने के लिए पौड़ी और श्रीनगर पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। परिसर के मुख्य द्वारों पर केवल वैध डिजिटल पहचान पत्र (ID Card) वाले छात्रों को ही प्रवेश दिया जा रहा है। परिसर निदेशक और मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने साफ निर्देश दिए हैं कि एक बार वोट डालने के बाद किसी भी छात्र को दोबारा परिसर के भीतर रुकने या घूमने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

चुनाव मतदान शांतिपूर्ण संपन्न हों इसके लिए मुख्य चुनाव अधिकारी प्रो. एमसी सती द्वारा दिशा निर्देश भी जारी किए गए हैं। उन्होंने कहा कि कोई भी छात्र किसी भी संगठन की ऐसी प्रिंटेड सामग्री का उपयोग न करे जिससे संगठन की पहचान उजागर हो। उन्होंने सभी छात्र संगठनों, छात्रों से पूर्व में दिए गए निर्देशों का सख्ती से पालन करने को कहा।

Srishti
Srishti