किश्तवाड़ में दो SPO की संदिग्ध हत्या से हड़कंप, गोलियों से छलनी मिले शव; आतंकी साजिश का शक…

Suspected murder of two Special Police Inspectors (SPOs): जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में दो स्पेशल पुलिस ऑफिसर (SPO) के शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है। दोनों जवान बुधवार से लापता थे। गुरुवार को सुरक्षा बलों ने तलाशी अभियान के दौरान दच्छन इलाके के जंगलों से उनके गोलियों से छलनी शव बरामद किए। घटना के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

मृतक जवानों की पहचान रशपाल कुमार (45) और बॉबी चंद (57) के रूप में हुई है। दोनों किश्तवाड़ के कियार इलाके के निवासी थे और पुलिस के स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) में तैनात थे। जानकारी के मुताबिक, दोनों जवान धरना-मारवाह क्षेत्र स्थित सेना की चौकी पर ड्यूटी के लिए जा रहे थे। इसी दौरान वे लापता हो गए थे।

दोनों जवानों के शवों पर गोलियों के निशान मिले हैं। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि उनके सर्विस हथियार भी गायब हैं। शुरुआती जानकारी के अनुसार, दोनों की INSAS और 303 राइफलें घटनास्थल से नहीं मिली हैं। अधिकारियों को आशंका है कि आतंकियों ने हमला कर जवानों की हत्या की और उनके हथियार अपने साथ ले गए। हालांकि, घटना के पीछे की वास्तविक वजह की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

दोनों जवानों के लापता होने के बाद सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और CRPF ने संयुक्त तलाशी अभियान चलाया था। अब शव मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने इलाके में सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया है और संदिग्ध हमलावरों की तलाश की जा रही है। यह घटना कुलगाम में CRPF जवानों पर हुए हमले के ठीक बाद सामने आई है, जिसमें तीन जवान घायल हुए थे। लगातार हो रही घटनाओं से जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है।

Aarti Rawat
Aarti Rawat