Temperature Drop in Uttarakhand Due to Rain and Snowfall: उत्तराखंड में तपती गर्मी से जून के महीने में राहत मिली है राज्य का मौसम लगातार बदल रहा है। बीते कुछ दिनों में जहां पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी हुई, वहीं मैदानी इलाकों में भी रुक-रुक कर हुई बारिश ने तापमान को नीचे गिरा दिया है। इसका असर बृहस्पतिवार के तापमान पर भी साफ दिखाई दिया।
सुबह धूप सुहावना मौसम
राज्य में आज सुबह मौसम खुला रहा और धूप ने तीखे तेवर दिखाए, जिससे दोपहर में गर्मी का अहसास किया गया। हालांकि, शाम को मौसम बदलाने और ठंडी हवाओं के साथ हल्की बूंदाबांदी के अनुमान हैं।
मौसम विभाग के अनुसार आज देहरादून में आंशिक बादल छाए रहेंगे। वहीं, आज का अधिकतम तापमान 35 डिग्री और न्यूनतम 21 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। साथ ही आज उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है, जबकि अन्य जिलों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है।
शनिवार से फिर चढ़ेगा पारा
इसके अलावा प्रदेश में शनिवार से मौसम पूरी तरह साफ रहने की संभावना है। मैदानी क्षेत्रों में चटक धूप के साथ गर्मी अपने तेवर दिखाएगी। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि यह बदलाव जलवायु परिवर्तन और प्री-मानसून वर्षा का असर है।
मौसम विभाग ने बताया कि 7 से 10 जून तक राज्यभर में मौसम शुष्क बना रहेगा। लेकिन 11 जून से एक बार फिर मौसम में बदलाव आने की संभावना जताई गई है।

